मुकेश खटीक
भीलवाड़ा।जिले के गुरला क्षेत्र में सेतुरिया ग्राम पंचायत अंतर्गत जागधरी गांव के एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है।घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है और गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।जानकारी के अनुसार जागधरी निवासी संजय बारेठ(31)पुत्र भंवर बारेठ महाराष्ट्र के जलगांव में मजदूरी करता था।परिजनों ने बताया कि संजय के साथ काम करने वाले युवक ने उन्हें सूचना दी कि मंगलवार को दोनों बस से गांव लौट रहे थे।इसी दौरान रास्ते में संजय की तबीयत अचानक खराब हो गई और उसने दम तोड़ दिया।शव जब गांव पहुंचा तो परिजन आनन-फानन में अंतिम संस्कार के लिए श्मशान ले गए।हालांकि वहां मौजूद समाज के कुछ बुजुर्गों ने संजय के मुंह और शरीर पर गंभीर चोटों के निशान देखे।इसके बाद पूरे घटनाक्रम पर सवाल खड़े हो गए और मारपीट से मौत की आशंका गहराने लगी।इस खुलासे के बाद परिजनों का आक्रोश फूट पड़ा।उन्होंने दाह संस्कार करने से साफ इनकार करते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत करोई थाना पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही कारोई थानाप्रभारी महावीर मौके पर पहुंचे और परिजनों व ग्रामीणों से बातचीत कर हालात को संभालने का प्रयास किया।ग्रामीणों ने स्पष्ट रूप से मांग रखी कि मौत के कारणों की पूरी और पारदर्शी जांच कराई जाए,पोस्टमार्टम निष्पक्ष तरीके से हो तथा यदि मारपीट या हत्या की पुष्टि होती है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।ग्रामीणों व परिजनों का कहना है कि जब तक सच्चाई सामने नहीं आती, तब तक अंतिम संस्कार नहीं होने दिया जाएगा। पुलिस ने परिजनों को आश्वासन दिया है कि मामले की गंभीरता से जांच की जाएगी और कानून के अनुसार आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम करवाने के लिए जिला चिकित्सालय भिजवाया है।
