जागधरी में युवक की संदिग्ध मौत का मामला, मुआवजे व कार्रवाई की मांग को लेकर लगातार दूसरे दिन भी मोर्चरी पर प्रदर्शन

पुनित चपलोत

भीलवाड़ा । भीलवाड़ा के कारोई थाना क्षेत्र के जागधरी  में एक युवक की सन्दिग्ध परिस्थितियों में मौत मामले में लगातार दूसरे दिन भी परिजनों का विरोध प्रदर्शन जारी रहा हैं। मृतक के परिजनों ने जिला अस्पताल की मोर्चरी पर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने हत्या का आरोप लगाते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही करने और मृतक के परिजनो को मुआवजा दिलवाने की मांग की है। वहीं उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगे पूरी नहीं हुई तो समाज द्वारा कलेक्ट्रेट के सामने धरना प्रदर्शन किया जायेगा।  समाज सेवी मोती लाल ने कहा कि कारोई थाना क्षेत्र के जागधरी निवासी संजय बारेठ (31) पुत्र भंवर बारेठ महाराष्ट्र के जलगांव में मजदूरी करता था। परिजनों ने बताया कि संजय के साथ काम करने वाले युवक ने सूचना दी कि मंगलवार को दोनों बस से गांव लौट रहे थे। रास्ते में अचानक संजय की तबीयत खराब हुई और उसकी मौत हो गई। बुधवार को जब शव गांव पहुंचा तो परिजन अंतिम संस्कार की तैयारी में श्मशान घाट ले गए। इस दौरान समाज के कुछ बुजुर्गों ने संजय के चेहरे और शरीर पर चोट के निशान देखे, जिसके बाद मौत पर संदेह गहरा गया। मारपीट से मौत की आशंका जताते हुए परिजनों ने दाह संस्कार रोक दिया,सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी भिजवाया। परिजनों को शंका है कि संजय की पीट कर हत्या की गई है। इसलिए हम चाहते हैं कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए और मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देना चाहिए। हम बुधवार से मोर्चरी पर प्रदर्शन कर रहे है मगर प्रशासन और पुलिस हमारी नहीं सुन रही है। वही आज गुरुवार को सुबह जब हम प्रदर्शन कर रहे थे तो पुलिस द्वारा हम पर प्रदर्शन खत्म करने का दबाव बनाया गया। प्रदर्शन की सूचना पर पुलिस और प्रशासन जिला अस्पताल की मोर्चरी पहुंचा और परिजनों को आश्वासन दिया है कि मामले की गंभीरता से जांच की जाएगी और कानून के अनुसार आवश्यक कदम उठाए जाएंगे, सहमति बनने के बाद ग्रामीण बॉडी का पोस्टमार्टम करवाने को तैयार हुए ओर प्रदर्शन समाप्त हुआ। फिर शाम को पुलिस ने परिजनों कि मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।पुलिस मामले की जांच कर रही है।