सीवरेज चेंबर खुला तो टूटी मिली पेयजल लाइन; ठेकेदार की लापरवाही पर सवाल, जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग
महेन्द्र नागौरी
भीलवाड़ा। स्मार्ट हलचल।शहर की संतोष कॉलोनी में करीब 15 से 20 दिन तक घरों में मटमैला और बदबूदार पानी सप्लाई होने से हड़कंप मच गया। आरोप है कि पेयजल लाइन टूटने से सीवरेज का गंदा पानी घरों तक पहुंचता रहा और दूषित पानी पीने से लोग बीमार होने लगे। शिकायतों के बावजूद समस्या का समय पर समाधान नहीं होने से विभागीय निगरानी पर सवाल खड़े हो गए हैं।
क्षेत्र के एडवोकेट तेजेन्द्र सिंह शक्तावत ने पीएचईडी के जेईएन श्रीराम मीणा और सीवरेज ठेकेदार को मौके पर बुलाया। मुख्य चेंबर खुलवाया तो पेयजल की लाइन टूटी मिली और उसमें सीवरेज का पानी रिसने की स्थिति सामने आई।
पेयजल लाइन के ऊपर सीवरेज चेंबर, फिर कैसे सुरक्षित रहेगा पानी?
शक्तावत के अनुसार, कॉलोनी में सीवरेज का काम अभी भी चल रहा है। आरोप है कि पेयजल की मुख्य लाइन के ठीक ऊपर सीवरेज चेंबर बनाया जा रहा है। इससे भविष्य में भी दूषित पानी की सप्लाई का खतरा बना हुआ है। मौके पर पार्षद प्रतिनिधि बहादुर सिंह सहित पीएचईडी और सीवरेज विभाग के अधिकारी पहुंचे।
महापौर-कलेक्टर से जांच की मांग
शक्तावत ने महापौर और जिला कलेक्टर से निर्माण की जांच कराने, जोखिमपूर्ण चेंबर हटाने और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है। अब सवाल यह है कि 15-20 दिन तक गंदा पानी सप्लाई होने की शिकायतों पर समय रहते कार्रवाई क्यों नहीं हुई? प्रशासन से पेयजल की गुणवत्ता जांचने, लाइन दुरुस्त कराने और निर्माण कार्य की जिम्मेदारी तय करने की मांग उठ रही है।