गर्मी से राहत के लिए सरस डेयरी की पहल, सरस चौराहे पर प्याऊ शुरू,बांधे परिण्डे

भीषण गर्मी में सरस डेयरी की पहल, परिंडे बांधे और प्याऊ का उद्घाटन

कोटा।स्मार्ट हलचल।भीषण गर्मी के बीच जीव-जंतुओं और राहगीरों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से कोटा-बूंदी दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ में डेयरी अध्यक्ष चैनसिंह राठौड़ के नेतृत्व में सामाजिक सरोकार से जुड़ी पहल करते हुए संघ परिसर में पक्षियों के लिए परिंडे बांधे गए तथा सरस चौराहे पर प्याऊ का उद्घाटन किया गया।
इस अवसर पर डेयरी अध्यक्ष चैनसिंह राठौड़, प्रबंध निदेशक दिलखुश मीणा सहित संघ के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान संघ परिसर में पक्षियों के लिए दाना और पानी की विशेष व्यवस्था भी की गई। राठौड़ ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि परिंडों में नियमित रूप से पानी भरा जाए ताकि भीषण गर्मी में पक्षियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
अध्यक्ष चैनसिंह राठौड़ ने कहा कि गर्मी के मौसम में जल स्रोतों के सूखने से पक्षियों और पशु-पक्षियों के सामने पेयजल का संकट उत्पन्न हो जाता है। ऐसे समय में समाज के प्रत्येक व्यक्ति और संस्थान का दायित्व है कि वह जीवों के संरक्षण और मानव सेवा के कार्यों में अपनी भागीदारी निभाए। उन्होंने कहा कि सेवा और संवेदनशीलता भारतीय संस्कृति की पहचान है तथा ऐसे प्रयासों से समाज में मानवीय मूल्यों और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ती है।