सरकारी स्कूल में चोरी का खुलासा, 4 आरोपी गिरफ्तार, पूरा सामान बरामद

भीलवाड़ा। जिले में चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के तहत बिजौलिया थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय तिलस्वां में हुई चोरी का खुलासा कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें दो आरोपी चोरी की वारदात में शामिल थे, जबकि दो अन्य चोरी का माल खरीदने वाले हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया सम्पूर्ण सामान भी बरामद कर लिया है।

पुलिस ने मामले में थानाधिकारी स्वागत पाण्ड्या के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम द्वारा प्रभावी गश्त, निगरानी और तकनीकी व आसूचना के आधार पर मामले का खुलासा किया।

पुलिस ने बताया कि घटना में 8 अप्रैल को विद्यालय के प्रधानाध्यापक मुकेश कुमार ने थाना बिजौलिया में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि अज्ञात चोरों द्वारा स्कूल से दो कंप्यूटर, एक लैपटॉप, दो पंखे, 20 स्कूल बैग, छह हेडफोन और एक हार्ड डिस्क चोरी कर ली गई है। प्रकरण दर्ज होते ही पुलिस ने टीम गठित कर जांच शुरू की और संदिग्धों की तलाश में जुट गई।

जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और सूचना के आधार पर रिजवान उर्फ इरफान और शैतान सिंह उर्फ सोनू सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिन्होंने स्कूल में चोरी करना स्वीकार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि चोरी किया गया सामान उन्होंने ओमप्रकाश और जनता बाई को बेच दिया था। इसके बाद पुलिस ने दोनों खरीदारों को भी गिरफ्तार कर उनके पास से चोरी का पूरा माल बरामद कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में रिजवान (24) निवासी पिपली पुरा, नीमच (मध्यप्रदेश), शैतान सिंह (30) निवासी छोटी परलई, चित्तौड़गढ़, ओमप्रकाश (33) निवासी सलावटिया, बिजौलिया तथा जनता बाई (48) निवासी कास्या, बिजौलिया शामिल हैं।