नवगठित बडला पंचायत में सरपंच रिंकू मीणा ने संभाली कमान

 

विधि-विधान एवं मंत्रोच्चारण के साथ किया पदभार ग्रहण, पंचायत भवन में आयोजित समारोह में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और ग्रामीणों ने दी शुभकामनाएं

स्मार्ट हलचल|भीलवाड़ा ज़िले में फूलियाकलां उपखंड क्षेत्र की नवगठित ग्राम पंचायत बडला में बुधवार को नवनिर्वाचित सरपंच रिंकू मीणा ने विधिवत रूप से पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर पंचायत भवन में भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं के अनुरूप धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ पदभार ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। मंत्रोच्चारण और विधि-विधान के बीच सरपंच ने पंचायत की कमान संभालते हुए नए कार्यकाल की शुरुआत की।
समारोह के दौरान धार्मिक मंत्रोच्चारण के साथ पूजा-अर्चना की गई तथा शुभ मुहूर्त में सरपंच रिंकू मीणा ने पंचायत भवन में अपना पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों, पंचायत कार्मिकों एवं ग्रामीणों ने उन्हें माला पहनाकर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। समारोह में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला।
नवगठित पंचायत के विकास को लेकर ग्रामीणों में जगी नई उम्मीदें
नवगठित ग्राम पंचायत बडला के लिए यह अवसर विशेष महत्व रखता है। पंचायत के गठन के बाद निर्वाचित सरपंच द्वारा पदभार ग्रहण करने के साथ ही स्थानीय स्तर पर विकास कार्यों को आगे बढ़ाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि नए पंचायत नेतृत्व में गांवों और ढाणियों में सड़क, पेयजल, बिजली, स्वच्छता, शिक्षा सहित मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता मिलेगी।
ग्रामीणों ने अपेक्षा जताई कि पंचायत क्षेत्र के प्रत्येक गांव और ढाणी में बिना किसी भेदभाव के समान रूप से विकास कार्य करवाए जाएंगे। साथ ही पात्र परिवारों तक सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने और आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान करने की दिशा में प्रभावी पहल होगी।
समारोह में ये रहे उपस्थित
पदभार ग्रहण समारोह में मुख्य अतिथि मेहरूकलां के महाराज लाल धागे सरकार सहित कनिष्ठ सहायक आशाराम प्रजापत, ग्राम विकास अधिकारी सुखपाल जाट, सीआर राजेश कुमावत, पूर्व सरपंच रामधन गुर्जर, पूर्व सरपंच मिस्त्री लाल गुर्जर, सम्मत मीणा, समर्थ कुमावत, महावीर गुर्जर, सरपंच प्रत्याशी राजेन्द्र मीणा, गोरू कुमावत, देवकरण, भोलू धाकड़, हरनाथ प्रजापत, श्रवण रैगर, रतन लाल रैगर, सुवा लाल रैगर, बजरंग कुमावत, वार्ड पंच गोपाल खाती, गोपाल सेन सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, ग्रामीणजन एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।पदभार ग्रहण के साथ ही नवगठित बडला ग्राम पंचायत में नए नेतृत्व के कार्यकाल की औपचारिक शुरुआत हो गई। अब ग्रामीणों की निगाहें पंचायत के आगामी विकास कार्यों और जनसमस्याओं के समाधान पर टिकी हैं।