जीत के बाद अपने पैतृक गांव पाटनिया पहुंचे सरपंच जाट

जगह-जगह पुष्प वर्षा, 251 किलो साफा पहनाकर किया भव्य स्वागत।

ओम जैन

शंभूपुरा।स्मार्ट हलचल|ग्राम पंचायत शंभूपुरा के सरपंच पद पर ऐतिहासिक जीत दर्ज करने के बाद नवनिर्वाचित सरपंच रामप्रसाद जाट पहली बार अपने पैतृक गांव पाटनिया पहुंचे, जहां ग्रामीणों ने उनका अभूतपूर्व और भव्य स्वागत किया।

रास्ते भर पुष्प वर्षा और ढोल-नगाड़े

जैसे ही रामप्रसाद जाट का काफिला पाटनिया की सीमा में पहुंचा, पहले से इंतजार कर रहे सैकड़ों ग्रामीणों, युवाओं और बुजुर्गों ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनका स्वागत किया। पूरे गांव में जगह-जगह महिलाओं ने पुष्प वर्षा कर और तिलक लगाकर उनका अभिनंदन किया। युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला, जगह-जगह डीजे और नारे के साथ जुलूस निकाला गया।

251 साफा पहनाकर किया सम्मान

पाटनिया के मुख्य चौराहे पर आयोजित स्वागत समारोह में ग्रामीणों ने एकता और सम्मान के प्रतीक के तौर पर साफा पहनाकर रामप्रसाद जाट का स्वागत किया, इसके बाद जगह जगह लोगों ने बारी बारी अलग अलग जगहों पर करीब 251 साफा पहनाकर स्वागत किया। साफा पहनाने के दौरान पूरा चौराहा “रामप्रसाद जाट जिंदाबाद” के नारों से गूंज उठा।
इस दौरान ग्रामीणों ने कहा कि यह जीत सिर्फ एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र और किसान कौम की जीत है।

सरपंच जाट ने जताया आभार

इस अवसर पर नवनिर्वाचित सरपंच रामप्रसाद जाट ने हाथ जोड़कर सभी ग्रामवासियों, बुजुर्गों, माताओं-बहनों और युवा साथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा – “यह पगड़ी मेरे सिर पर जिम्मेदारी है। आप सभी ने जो प्यार और आशीर्वाद दिया है, मैं जीवन भर पाटनिया सहित शंभूपुरा पंचायत के विकास और जनता की सेवा के लिए समर्पित रहूंगा।”
उन्होंने कहा कि गांव में पानी, सड़क, शिक्षा और रोजगार उनकी प्राथमिकता रहेगी और देवतुल्य जनता के विश्वास पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा, वार्ड पंच, जनप्रतिनिधि, किसान और महिलाएं मौजूद रही।