शिक्षक संगठनों से वार्ता के बाद आंदोलन स्थगित, कई मांगों पर बनी सहमती।
बूंदी/ जयपुर -स्मार्ट हलचल।राजस्थान में सरकारी स्कूलों में ग्रीष्मावकाश के बाद शैक्षणिक सत्र अब 29 जून से शुरू होगा। पहले यह 21 जून से शुरू होना था। शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री के साथ हुई बैठक में शिक्षक संगठनों की मांगों पर सहमति बनने के बाद यह निर्णय लिया गया।शिक्षा मंत्री के कार्यालय में 22 मई को हुई बैठक में शिक्षकों की विभिन्न तात्कालिक समस्याओं पर सकारात्मक चर्चा हुई। बैठक में अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ, राजस्थान के प्रदेश अध्यक्ष रमेश पुष्करणा, महामंत्री महेन्द्र कुमार लखारा सहित संघ के पदाधिकारी और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में तय हुआ कि संस्था प्रधानों को मिलने वाला अधिकृत अवकाश पहले की तरह 2 दिन ही रहेगा। इसके लिए शिविरा पंचांग में आवश्यक संशोधन के निर्देश दे दिए गए हैं।
इसके अलावा समानीकरण, स्टाफिंग पैटर्न, तृतीय श्रेणी पदोन्नति, गैर-शैक्षणिक कार्यों, संविदाकर्मी नियम और शिक्षक-शिक्षार्थी हित से जुड़े अन्य बिंदुओं पर भी चर्चा हुई। इन पर यथोचित निर्णय लेने पर सहमति बनी।
शिक्षा मंत्री के सकारात्मक रुख और मांगों पर बनी सहमति के बाद संगठन प्रतिनिधियों ने प्रस्तावित आंदोलन को स्थगित करने की घोषणा की।
इस फैसले से राज्य के लाखों विद्यार्थियों और शिक्षकों को राहत मिली है।
