केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत एवं सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ ने विद्यार्थियों को आधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं की दी सौगात
अनिल कुमार
ब्यावर।स्मार्ट हलचल।ग्राम रामपुरा दूदा स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में नवनिर्मित विज्ञान प्रयोगशाला कक्ष, कंप्यूटर कक्ष एवं पुस्तकालय का गुरुवार को केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत और राजसमंद सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ के करकमलों द्वारा गरिमामय समारोह में लोकार्पण किया गया। इस गौरवपूर्ण अवसर पर ब्यावर विधायक शंकर सिंह रावत भी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यालयों में भी आधारभूत सुविधाओं का सुदृढ़ होना बेहद आवश्यक है। आज लोकार्पित की गई विज्ञान प्रयोगशाला, कंप्यूटर कक्ष एवं समृद्ध पुस्तकालय विद्यार्थियों के ज्ञान, तकनीकी कौशल और नवाचार क्षमता के विकास में मील का पत्थर साबित होंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे इन उपलब्ध संसाधनों का भरपूर उपयोग कर शिक्षा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करें।
समारोह में राजसमंद सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही राष्ट्र निर्माण की सबसे मजबूत आधारशिला है। आधुनिक संसाधनों से सुसज्जित विद्यालय विद्यार्थियों को भविष्य की वैश्विक चुनौतियों के अनुरूप तैयार करते हैं। उन्होंने आगे कहा कि विज्ञान प्रयोगशालाएं जहां विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करती हैं, वहीं कंप्यूटर कक्ष डिजिटल दक्षता बढ़ाने और पुस्तकालय उनके अध्ययन व व्यक्तित्व विकास का सशक्त माध्यम बनते हैं। सांसद ने आश्वस्त किया कि संसदीय क्षेत्र के अन्य विद्यालयों में भी आवश्यकतानुसार ऐसी आधुनिक सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।
ब्यावर विधायक शंकर सिंह रावत ने इस अवसर पर कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को भी शहरी क्षेत्रों के समान ही आधुनिक और उच्च स्तरीय शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराना राज्य सरकार एवं हम सभी जनप्रतिनिधियों की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इन सुविधाओं के विकास से ग्रामीण अंचल के विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता में वृद्धि होगी तथा क्षेत्र में शिक्षा की गुणवत्ता को एक नया आयाम मिलेगा।
यह रहे उपस्थित:
इस ऐतिहासिक लोकार्पण कार्यक्रम में निवर्तमान प्रधान (पंचायत समिति जवाजा) गणपत सिंह रावत, पूर्व सभापति नरेश कनोजिया, अतिरिक्त जिला कलक्टर ब्रह्मलाल जाट, जिला शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार शर्मा, ग्राम पंचायत काबरा की प्रशासक पार्वती देवी सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि,प्रशासनिक अधिकारी, विद्यालय परिवार, शिक्षकगण, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
