बढ़ते स्क्रीन टाइम पर विद्यार्थियों का वैज्ञानिक अध्ययन, विकसित किया डिजिटल वेलनेस मॉडल

शाहपुरा (भीलवाड़ा)-राजेन्द्र खटीक।

शाहपुरा-स्मार्ट हलचल|वर्तमान समय में स्मार्टफोन विद्यार्थियों की शिक्षा, मनोरंजन और संवाद का एक महत्वपूर्ण माध्यम बन चुका है, किंतु इसका असंतुलित उपयोग बच्चों के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है। इसी विषय को केंद्र में रखते हुए पनोतिया के विद्यार्थियों ने NCSC 2026 विज्ञान शोध प्रतियोगिता के अंतर्गत “विद्यालयी विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक कल्याण को बेहतर बनाने के लिए संतुलित स्मार्टफोन उपयोग हेतु डिजिटल वेलनेस मॉडल का विकास” विषय पर एक वैज्ञानिक शोध अध्ययन किया।
इस परियोजना का नेतृत्व कक्षा 10 के छात्र कन्हैया लाल गुर्जर ने किया, जबकि देवेन्द्र गुर्जर ने टीम सदस्य के रूप में सहभागिता निभाई। अध्ययन का मार्गदर्शन वरिष्ठ विज्ञान अध्यापक श्री महेश कुमार कोली द्वारा किया गया। शोध कार्य में पनोतिया ग्राम के कक्षा 6 से 10 तक के 60 विद्यार्थियों को शामिल किया गया।
अध्ययन की शुरुआत विद्यालय में विद्यार्थियों के व्यवहार के प्रारंभिक अवलोकन से हुई। इस दौरान कुछ विद्यार्थियों की आँखों के नीचे काले घेरे, आँखों में थकान तथा कक्षा में एकाग्रता की कमी जैसे संकेत दिखाई दिए। विद्यार्थियों से चर्चा करने पर देर रात तक मोबाइल उपयोग और लंबे समय तक स्क्रीन देखने की प्रवृत्ति सामने आई। इन परिस्थितियों ने विद्यार्थियों को स्मार्टफोन उपयोग तथा डिजिटल वेलनेस के संबंध में वैज्ञानिक अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया।
शोध में प्रश्नावली, मोबाइल उपयोग विवरण, डिजिटल वेलनेस जागरूकता पूर्व-परीक्षण एवं पश्चात-परीक्षण तथा शिक्षक अवलोकन जैसे उपकरणों का उपयोग किया गया। सर्वेक्षण में सभी विद्यार्थी प्रतिदिन स्मार्टफोन का उपयोग करते पाए गए। अधिकांश विद्यार्थियों का मोबाइल उपयोग समय अपेक्षाकृत अधिक रहा तथा कई विद्यार्थी सोने से पहले नियमित रूप से मोबाइल का उपयोग करते पाए गए। अध्ययन में यह भी सामने आया कि स्मार्टफोन उपयोग के कारण विद्यार्थियों के खेलकूद और अन्य शारीरिक गतिविधियों के समय में कमी आई है। लगभग 58.34 प्रतिशत विद्यार्थियों ने स्वीकार किया कि अध्ययन के दौरान उनका ध्यान अक्सर मोबाइल की ओर आकर्षित हो जाता है।
अध्ययन में स्मार्टफोन के सकारात्मक और नकारात्मक दोनों पहलू उजागर हुए। एक ओर जहाँ अनेक विद्यार्थी विज्ञान एवं गणित की पढ़ाई के लिए स्मार्टफोन का प्रभावी उपयोग कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता का अभाव भी सामने आया। अधिकांश विद्यार्थियों ने अनजान लिंक को बिना जांचे खोलने की बात स्वीकार की। साथ ही किसी भी विद्यार्थी को साइबर बुलिंग तथा साइबर अपराध की शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया की जानकारी नहीं थी।
शोध निष्कर्षों के आधार पर विद्यार्थियों ने ‘पनोतिया डिजिटल वेलनेस मॉडल’ विकसित किया। इस मॉडल में सात प्रमुख स्तंभ शामिल हैं – स्क्रीन टाइम प्रबंधन, उद्देश्यपूर्ण शैक्षिक उपयोग, शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक स्वास्थ्य, परिवार एवं सामाजिक संवाद, साइबर सुरक्षा तथा स्वयं मूल्यांकन। मॉडल के अंतर्गत मोबाइल उपयोग की समय-सीमा निर्धारित करना, पढ़ाई के दौरान मोबाइल से दूरी बनाए रखना, नियमित खेलकूद करना, पर्याप्त नींद लेना, परिवार के साथ गुणवत्तापूर्ण समय बिताना, संदिग्ध लिंक से सावधान रहना तथा डिजिटल वेलनेस डायरी का नियमित संधारण करना शामिल है।
इस मॉडल की विशेषता यह है कि इसे बिना किसी अतिरिक्त आर्थिक व्यय या महंगे उपकरण के विद्यालय और घर दोनों स्थानों पर आसानी से लागू किया जा सकता है। इसमें विद्यार्थी, शिक्षक एवं अभिभावक मिलकर बच्चों में जिम्मेदार डिजिटल व्यवहार विकसित कर सकते हैं।
विद्यार्थियों ने अपने अध्ययन के माध्यम से यह संदेश दिया है कि स्मार्टफोन का पूर्ण बहिष्कार समाधान नहीं है, बल्कि उसका सुरक्षित, उद्देश्यपूर्ण एवं संतुलित उपयोग ही वास्तविक आवश्यकता है। उनका मानना है कि डिजिटल तकनीक का विवेकपूर्ण उपयोग शिक्षा की गुणवत्ता को बढ़ा सकता है, जबकि संतुलित डिजिटल जीवनशैली बच्चों के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक स्वास्थ्य के संरक्षण के लिए अत्यंत आवश्यक है।