पुनित चपलोत
भीलवाड़ा // शहर के गांधीनगर थाना क्षेत्र के 100 फीट रोड स्थित एक कैफे में शुक्रवार शनिवार की मध्यरात्रि एक कैफे में इलेक्ट्रिक स्कूटर के चार्जर में शॉर्ट सर्किट होने से भीषण आग लग गई। आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया और कैफे में रखा कमर्शियल गैस सिलेंडर भी फट गया। धमाके के कारण कैफे का लोहे का शटर उखड़कर सड़क पर जा गिरा और इमारत में दरारें आ गईं।
आग की इस घटना में कैफे संचालक बिल्लू जाट झुलस गया, जिसे उपचार के लिए भीलवाड़ा के महात्मा गांधी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। वहीं कैफे में रखा सामान और वाहन जलकर खाक हो गए।
घायल बिल्लू जाट ने बताया कि वह अपने भाई के साथ कैफे में सो रहा था। इसी दौरान चार्जिंग पर लगे इलेक्ट्रिक स्कूटर के चार्जर में अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया और आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे कैफे को अपनी चपेट में ले लिया। आग बुझाने के प्रयास में वह खुद भी झुलस गया।
उन्होंने बताया कि आग लगने के कुछ ही देर बाद कैफे में रखा कमर्शियल गैस सिलेंडर भी ब्लास्ट हो गया। धमाके की आवाज से आसपास के लोग भी दहशत में आ गए।
*दमकल के देर से पहुंचने का आरोप*
कैफे संचालक का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद दमकल की गाड़ी करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुंची, तब तक कैफे में रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो चुका था।
इस आगजनी में करीब 8 से 10 लाख रुपए का नुकसान बताया जा रहा है। आग में दो फ्रिज, एक स्प्लेंडर बाइक, इलेक्ट्रिक स्कूटर, पांच मोबाइल फोन सहित अन्य सामान जल गया।
बिल्लू जाट का कहना है कि स्कूटर के चार्जर में खराबी की शिकायत पहले भी कई बार की गई थी, लेकिन हर बार उसे ठीक कर वापस दे दिया गया। फिलहाल घटना के बाद मामले को लेकर जांच की मांग की जा रही है।
