ब्यावर-सेंदड़ा मार्ग पर भीषण हादसा, टक्कर मारकर कार चालक फरार; साकेत नगर पुलिस मौके पर पहुंची
अनिल कुमार खींची
ब्यावर। स्मार्ट हलचल|ब्यावर-सेंदड़ा मार्ग पर सोमवार रात करीब 8:30 बजे तेज रफ्तार कार ने स्कूटी सवार हेमंत सिंह को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पास से अपनी माता के साथ पैदल घर जा रहा बालक आर्यन भी चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही साकेत नगर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनाक्रम की जानकारी जुटाई।जानकारी के अनुसार राजियावास निवासी हेमंत सिंह (कान्हा), पुत्र उमेद सिंह ओला स्कूटी से जा रहे थे। इसी दौरान तेज गति से आई आरजे-21 सीबी-5853 नंबर की कार ने स्कूटी को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद पैदल अपनी माता के साथ घर जा रहा बालक आर्यन भी घायल हो गया।
हादसे के बाद दोनों घायलों को उपचार के लिए राजकीय अमृतकौर चिकित्सालय ब्यावर ले जाया गया। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार और आवश्यक जांच के बाद दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए अजमेर के जेएलएन चिकित्सालय रेफर कर दिया।
अजमेर में उपचार के दौरान हेमंत सिंह की गंभीर चोटों के चलते मौत हो गई, जबकि आर्यन का जेएलएन अस्पताल में उपचार जारी है। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। साकेत नगर थाना पुलिस ने कार के नंबर के आधार पर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।