शाहपुरा पालिका अध्यक्ष पद के लिए अंतिम दिन चार नामांकन, संवीक्षा कल

बालमुकुंद तोषनीवाल ने कांग्रेस व निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में दो नामांकन भरे, रमेश सेन ने कांग्रेस से और ललिता कहार ने भाजपा से दाखिल किया नामांकन

शाहपुरा (भीलवाड़ा)-राजेन्द्र खटीक।

शाहपुरा-स्मार्ट हलचल|शाहपुरा नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए चल रही नामांकन प्रक्रिया बुधवार को दोपहर 3 बजे समाप्त हो गई। रिटर्निंग अधिकारी बनवारी लाल सिनसिनवार ने बताया कि नामांकन के अंतिम दिन अध्यक्ष पद के लिए कुल चार नामांकन प्राप्त हुए।उन्होंने बताया कि बुधवार को बाल मुकुंद तोषनीवाल ने कांग्रेस प्रत्याशी तथा निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में एक-एक नामांकन पत्र दाखिल किया। वहीं रमेश सेन ने कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में तथा ललिता कहार ने भारतीय जनता पार्टी की ओर से नामांकन पत्र प्रस्तुत किया।
प्राप्त नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा 17 सितंबर को प्रातः 11 बजे रिटर्निंग अधिकारी के कार्यालय, नगर पालिका शाहपुरा में की जाएगी।
18 सितंबर तक नाम वापसी
रिटर्निंग अधिकारी के अनुसार संवीक्षा के बाद अभ्यर्थी स्वयं रिटर्निंग अधिकारी के समक्ष उपस्थित होकर 18 सितंबर को शाम 3 बजे तक अपना नाम निर्देशन पत्र वापस ले सकेंगे।
नाम वापसी के बाद यदि अध्यक्ष पद के लिए निर्वाचन आवश्यक हुआ तो 21 सितंबर को प्रातः 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक नगर पालिका शाहपुरा में मतदान कराया जाएगा। मतदान के बाद निर्वाचन प्रक्रिया के आगामी चरण के तहत अध्यक्ष पद को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी।