मानसून आपदाओं से निपटने के लिए एसडीआरएफ अलर्ट, मांडलगढ़ में रेस्क्यू टीम की तैयारियों का लिया जायजा

मांडलगढ़/भीलवाड़ा, 28 जून। स्मार्ट हलचल।मानसून के दौरान संभावित प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए राजस्थान राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में एसडीआरएफ के सहायक कमांडेंट उमेश गौतम ने मांडलगढ़ में तैनात रेस्क्यू टीम ई-5 का निरीक्षण कर राहत एवं बचाव तैयारियों की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान सहायक कमांडेंट ने टीम को स्थानीय प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखते हुए बाढ़, जलभराव एवं अन्य आपदा की स्थिति में त्वरित और प्रभावी राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि एसडीआरएफ ने 25 जून से राज्य के 35 संवेदनशील जिलों में 70 रेस्क्यू टीमों की तैनाती की है और अधिकारी लगातार विभिन्न जिलों में पहुंचकर तैयारियों का निरीक्षण कर रहे हैं।

उमेश गौतम ने जिला प्रशासन की ओर से उपलब्ध कराई गई आवास, भोजन, ईंधन एवं संचार व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने टीम प्रभारी हेड कांस्टेबल मुकेश कुमार मीणा एवं जवानों के साथ मानसून के दौरान तेज बहाव वाले क्षेत्रों में रेस्क्यू अभियान की रणनीति तथा प्रशासनिक समन्वय पर विस्तृत चर्चा की।

उन्होंने जवानों का उत्साहवर्धन करते हुए “आपदा सेवार्थ कटिबद्धता” के मूल मंत्र के साथ पूरी निष्ठा एवं तत्परता से कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि एसडीआरएफ की सर्वोच्च प्राथमिकता किसी भी आपदा की स्थिति में आमजन को त्वरित, प्रभावी एवं मानवीय सहायता उपलब्ध कराना है।

निरीक्षण के दौरान रेस्क्यू टीम के संसाधनों, उपकरणों तथा आपदा प्रबंधन संबंधी व्यवस्थाओं का भी विस्तृत आकलन किया गया।