अनिल कुमार
ब्यावर/रायपुर।स्मार्ट हलचल|राजस्थान पुलिस द्वारा चलाए जा रहे वांछित अपराधियों की धरपकड़ अभियान के तहत रायपुर वृत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। ब्यावर पुलिस अधीक्षक रतन सिंह एवं महानिरीक्षक पुलिस अजमेर रेंज के निर्देशों पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अनुकृति उज्जैनिया के पर्यवेक्षण में पुलिस ने अल सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए हत्या के प्रयास, फायरिंग और मारपीट के मामलों में वांछित तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है।
यह पूरी कार्रवाई बंशीलाल पाण्डर (आरपीएस, सीओ रायपुर) के नेतृत्व में रायपुर, सैंदड़ा और बर थानों की अलग-अलग गठित टीमों द्वारा गोपनीय सूचना के आधार पर अंजाम दी गई। पुलिस टीमों ने अपराधियों के ठिकानों पर अचानक दबिश देकर उन्हें धर दबोचा।
पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपी:
सुरेश सिंह (47 वर्ष): निवासी सालाकोट (थाना सैंदड़ा)। आरोपी थाना सैंदड़ा में दर्ज हत्या के प्रयास के मामले (प्रकरण संख्या 37/2026) में फरार चल रहा इनामी अपराधी है। इसके खिलाफ पूर्व में भी 5 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
रवि उर्फ रविन्द्र भाटी (25 वर्ष): निवासी कालाबड़ (थाना जवाजा)। आरोपी बर थाने में दर्ज फायरिंग और शराब ठेके में घुसकर मारपीट करने के मामलों (प्रकरण 79/2026 व 96/2026) में वांछित इनामी अपराधी है। इसके खिलाफ पहले से 10 मामले दर्ज हैं।
नारायण लाल माली (24 वर्ष): निवासी पीपलिया कलां (थाना रायपुर)। आरोपी पीपलिया कलां में हुई मारपीट के मामले (प्रकरण 114/2026) में वांछित था।
हिस्ट्रीशीटर की तलाश में जुटी टीम
कार्रवाई के संबंध में पुलिस ने बताया कि इस पूरे मामले में शामिल मुख्य आरोपी व हिस्ट्रीशीटर मुकेश माली और उसके अन्य साथियों की गिरफ्तारी के लिए आधुनिक तकनीक और खुफिया तंत्र की मदद ली जा रही है। पुलिस टीमों द्वारा संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
कार्रवाई में शामिल प्रमुख अधिकारी:
इस संयुक्त कार्रवाई में रायपुर थानाधिकारी राजूराम सीरवी (पु.नि.), सैंदड़ा थानाधिकारी हरिराम जाजुन्दा (पु.नि.), बर थानाधिकारी पन्ना लाल (उ.नि.) तथा पीपलिया कलां चौकी प्रभारी सरवर खान (उ.नि.) मय टीम शामिल रहे।
