मेहान व्यास का सीबीएसई राष्ट्रीय क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए चयन

अंडर-14 वर्ग में राष्ट्रीय स्तर पर दिखाएंगे प्रतिभा, भीलवाड़ा का नाम करेंगे रोशन

पुनित चपलोत
भीलवाड़ा।स्मार्ट हलचल|विट्टी इंटरनेशनल स्कूल के प्रतिभाशाली क्रिकेट खिलाड़ी मेहान व्यास का सीबीएसई राष्ट्रीय क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। अंडर-14 वर्ग में मेहान अब राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। यह प्रतियोगिता तमिलनाडु के मदुरै में आयोजित होगी।मेहान की इस उपलब्धि से उनके परिवार, विद्यालय और डी.एस. स्पोर्ट्स एकेडमी में खुशी का माहौल है। मेहान ने अपनी सफलता का श्रेय अपने क्रिकेट कोच दिगपाल सिंह सर, डी.एस. स्पोर्ट्स एकेडमी, अपने माता-पिता रोहित व्यास एवं कृति व्यास तथा विट्टी इंटरनेशनल स्कूल को दिया है।

मेहान ने कहा कि दिगपाल सिंह सर के मार्गदर्शन और डी.एस. स्पोर्ट्स एकेडमी में मिले नियमित प्रशिक्षण से उनके खेल में काफी सुधार हुआ है। उन्होंने अपने माता-पिता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके निरंतर सहयोग और प्रोत्साहन से उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। साथ ही, उन्होंने विट्टी इंटरनेशनल स्कूल का भी धन्यवाद किया, जिसने उन्हें अपनी क्रिकेट प्रतिभा को निखारने और आगे बढ़ने का अवसर प्रदान किया।

मेहान के राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन को उनकी मेहनत, लगन और निरंतर अभ्यास का परिणाम माना जा रहा है। उनकी इस उपलब्धि पर परिवारजनों, विद्यालय परिवार और डी.एस. स्पोर्ट्स एकेडमी की ओर से उन्हें बधाई एवं राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दी गईं।