सेवा के संकल्प के साथ मानसी लेडीज सोसाइटी की नई कार्यकारिणी ने संभाली जिम्मेदारी
प्रीति चतर अध्यक्ष, शिल्पा सिंघल उपाध्यक्ष और मंजू सोनी सचिव बनीं; 17 नए सदस्यों ने ली संस्था की शपथ**
कोटा। स्मार्ट हलचल।मानसी लेडीज सोसाइटी, इंद्र विहार कोटा की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह तलवंडी स्थित एक निजी रेस्टोरेंट में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दो बालिकाओं खुशी राठौर और याशिका राठौर ने गणपति वंदना एवं मां सरस्वती की स्तुति की प्रस्तुति के साथ किया।
पूर्व अध्यक्ष श्रद्धा सिंह खींची ने नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का स्वागत एवं अभिनंदन किया। वार्ड 56 की नवनिर्वाचित पार्षद शोभा अहलूवालिया एवं अरुणा नागर ने नई कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को पद एवं दायित्व की शपथ दिलाई। अध्यक्ष प्रीति चतर, उपाध्यक्ष शिल्पा सिंघल, सचिव मंजू सोनी, सहसचिव मंजू पावा एवं कोषाध्यक्ष राजश्री पारीक ने निष्ठापूर्वक अपने पद की जिम्मेदारी संभाली। कार्यक्रम का संचालन ज्योति सेठी ने किया।
23 वर्षों की सेवा परंपरा को आगे बढ़ाने का संकल्प
नवनिर्वाचित अध्यक्ष प्रीति चतर ने कहा कि मानसी लेडीज सोसाइटी 23 वर्षों से सेवा कार्यों के लिए संकल्पित होकर समाज के विभिन्न वर्गों के हित में कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सोसाइटी की ओर से विद्यालयों में स्टेशनरी एवं फर्नीचर उपलब्ध कराने के साथ ही महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से प्रशिक्षण शिविर और सेमिनार आयोजित किए जाएंगे। संस्था के गठन के समय जिस सेवा संकल्प को लेकर यात्रा शुरू की गई थी, उसे पूरी निष्ठा के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।
उपाध्यक्ष शिल्पा सिंघल ने बताया कि समारोह के दौरान 17 नए सदस्यों ने भी सोसाइटी की सदस्यता ग्रहण करते हुए सेवा कार्यों के प्रति समर्पण की शपथ ली। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सेवा कार्यों के लिए प्रशासन द्वारा सम्मानित की गईं सदस्य ज्योति यादव को भी समारोह में सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर सोसाइटी की वरिष्ठ सदस्याएं अनिता लड्ढा, रेणू सूद, अनिता चौधरी, बीना त्यागी एवं तारा पटियाल, वर्षा माहेश्वरी, रचना मित्तल, ज्योति यादव,कामिनी सिंघल मंजू सोनी, दुर्गा झंवर, तुलिका गर्ग सहित अन्य सदस्याएं मौजूद रहीं।
सादर प्रकाशनार्थ सम्पादक महोदय
भवदीय
अनिता चौधरी,