शाहपुरा-मूलचन्द पेसवानी
शाहपुरा शहर के आदर्श विद्या मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय में आज शिक्षा और संस्कार का अनूठा संगम देखने को मिला, जब माध्यमिक शिक्षा बोर्ड कक्षा-10 के शानदार परीक्षा परिणाम के उपलक्ष्य में ‘प्रतिभा सम्मान समारोह’ का भव्य आयोजन किया गया। पूरे विद्यालय परिसर में उत्साह और गौरव का माहौल छाया रहा, जहां होनहार भैया-बहिनों की उपलब्धियों को खुले दिल से सराहा गया।
कार्यक्रम का शुभारम्भ माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन और अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। मुख्य अतिथि पुलिस उपअधीक्षक ओमप्रकाश विश्नोई, विशिष्ट अतिथि विद्यालय प्रबन्ध समिति अध्यक्ष कन्हैया लाल वर्मा और सचिव विजय सिंह राणावत ने समारोह की गरिमा को चार चाँद लगा दिए। मंच संचालन अर्चना दाधीच ने प्रभावी अंदाज में किया।
समारोह का मुख्य आकर्षण रहा प्रतिभाओं का सम्मान, जहां उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को माला पहनाकर, स्मृति चिन्ह देकर और मिठाई खिलाकर सम्मानित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों के चेहरे पर खुशी और आत्मविश्वास साफ झलक रहा था।
विद्यालय का परीक्षा परिणाम इस बार भी रिकॉर्ड तोड़ रहा। कुल 128 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी और सभी ने प्रथम श्रेणी में सफलता हासिल की। खास बात यह रही कि लगातार दूसरे वर्ष (सत्र 2024-25 और 2025-26) विद्यालय का परिणाम शत-प्रतिशत प्रथम श्रेणी रहा, जो अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है।
मेरिट सूची में भी विद्यालय के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन किया। अंशुल सुवालका ने 96.17 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि अभिनव नागर 96 प्रतिशत के साथ दूसरे और अभिषेक लखारा 95.50 प्रतिशत के साथ तीसरे स्थान पर रहे। वहीं अंशिका मीणा ने 95.00 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया। कुल 20 छात्र-छात्राओं ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर सफलता का परचम लहराया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि ओमप्रकाश विश्नोई ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, एकाग्रता और कड़ा परिश्रम ही मंजिल तक पहुंचाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में अनुशासन और निरंतर प्रयास बनाए रखने की प्रेरणा दी। विद्यालय प्रबन्ध समिति अध्यक्ष कन्हैया लाल वर्मा ने विद्यालय के अनुशासन, संस्कार और उच्च शैक्षणिक स्तर की सराहना करते हुए कहा कि यह परिणाम शिक्षकों और विद्यार्थियों की संयुक्त मेहनत का परिणाम है।
कार्यक्रम के अंत में सचिव विजय सिंह राणावत ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और विद्यालय स्टाफ का आभार व्यक्त किया।
