शाहपुरा में शीतला अष्टमी की खुशियों के बीच दर्दनाक हादसा, दो की मौत, 3 घायल

शाहपुरा। मूलचन्द पेसवानी
शीतला अष्टमी के पर्व पर जहां पूरा शहर रंग और उल्लास में डूबा हुआ था, वहीं बुधवार को फुलियागेट के बाहर शाहपुरा भीम उनियारा नेशनल हाईवे 148डी पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों के माहौल को मातम में बदल दिया। ट्रेलर और वैन के बीच हुई जोरदार टक्कर में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से दो की उपचार के दौरान जिला चिकित्सालय में मौत हो गई। इस हादसे से शहर में शोक की लहर फैल गई और मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार को दोपहर के समय फुलियागेट के बाहर नेशनल हाईवे 148डी पर एक ट्रेलर और वैन की आमने-सामने से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन के आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार पांच लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों व आसपास के लोगों ने तुरंत घायलों को संभालने का प्रयास किया।
घटना की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। एंबुलेंस चालक भेरूलाल गुर्जर ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को तुरंत शाहपुरा जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की टीम ने उनका उपचार शुरू किया। लेकिन गंभीर रूप से घायल दो व्यक्तियों की हालत नाजुक होने के कारण उन्हें बचाया नहीं जा सका और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मृतकों की पहचान महेंद्र पिता सत्यनारायण कहार निवासी शाहपुरा और विनोद पिता महादेव कहार मुशीं के रूप में हुई है। दोनों की मौत की खबर मिलते ही उनके परिवारों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया और पूरे कहार समाज में शोक की लहर दौड़ गई।
हादसे की सूचना मिलते ही शाहपुरा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस टीम में एएसआई जगदीश और कांस्टेबल किशन खिंची शामिल थे, जिन्होंने घटनास्थल का जायजा लेकर राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को जब्त कर लिया है, जबकि ट्रेलर चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है।
घटना की खबर मिलते ही कहार समाज के बड़ी संख्या में लोग जिला चिकित्सालय पहुंच गए। समाज के लोगों ने घायलों के उपचार में सहयोग किया और पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधाया। अस्पताल परिसर में काफी देर तक लोगों की भीड़ बनी रही।
शीतला अष्टमी के दिन हुए इस दर्दनाक हादसे ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया। जहां एक ओर लोग पर्व की खुशियां मना रहे थे, वहीं दूसरी ओर अचानक हुई इस दुर्घटना ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और फरार ट्रेलर चालक की तलाश जारी है।