भीलवाड़ा । शाहपुरा और फुलिया कलां के वैष्णव समाज के वरिष्ठ पंडितों और प्रतिनिधियों ने विधानसभा क्षेत्र के विधायक लालाराम बैरवा से भेंट की और राजस्थान की OBC सूची में अपने समुदाय का नाम “वैष्णव” दर्ज कराने हेतु ज्ञापन सौंपा। समाज ने विधायक से आग्रह किया कि वे इस मुद्दे का संज्ञान लें और इसे विधानसभा में उठाएँ, ताकि समाज के युवाओं और परिवारों को शिक्षा, आरक्षण और सरकारी योजनाओं में लाभ मिल सके।
ज्ञापन में कहा गया कि राजस्थान का वैष्णव समाज पीढ़ियों से धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों में सक्रिय रहा है। यह समाज मुख्यतः भगवान विष्णु और उनके अवतारों की उपासना, मंदिरों में पूजा-पाठ, धार्मिक कर्मकांड संचालन, भजन-कीर्तन, यज्ञ और सामाजिक मार्गदर्शन जैसे कार्यों में निरंतर योगदान देता रहा है। समाज की प्रमुख उपजातियाँ बैरागी, साध, साधु और स्वामी हैं।
समाज ने बताया कि लगभग 75 प्रतिशत लोग अपने नाम के साथ ‘वैष्णव’ शब्द का प्रयोग करते हैं, जबकि उपनाम जैसे बैरागी, साध, साधु और स्वामी के प्रमाणित दस्तावेज बहुत कम लोगों के पास हैं। इस कारण, OBC सूची में केवल ‘बैरागी’ नाम दर्ज होने के कारण समाज के अधिकांश सदस्य और उनके परिवार शिक्षा, स्कूल और कॉलेज प्रवेश, सरकारी योजनाओं और केंद्रीय तथा राज्य नौकरियों में आरक्षण का लाभ लेने में अड़चन का सामना कर रहे हैं।
ज्ञापन में यह भी बताया गया कि कई पुजारी और धार्मिक कर्मकांड संचालक भूमि और धोली भूमि के दस्तावेज नहीं रखते, क्योंकि यह भूमि केवल भगवान की सेवा के लिए उपयोग होती है और व्यक्तिगत संपत्ति नहीं मानी जाती। ऐसे मामलों में प्रमाणित दस्तावेजों के अभाव से समाज के सदस्यों को प्रशासनिक प्रक्रिया में अड़चन का सामना करना पड़ता है।
समाज ने कहा कि इससे समाज के युवाओं को शिक्षा और आरक्षण में लाभ नहीं मिल पा रहा है, पुजारी और धार्मिक सेवक सरकारी योजनाओं और सामाजिक कल्याण सुविधाओं से वंचित रह रहे हैं और समाज की धार्मिक-सांस्कृतिक पहचान दस्तावेजों में सही रूप से दर्ज नहीं हो पा रही है। इसके चलते बच्चों के प्रमाण-पत्र, प्रवेश और भविष्य सुरक्षित करने में गंभीर बाधाएँ उत्पन्न हो रही हैं।
समाज के प्रतिनिधियों ने विधायक से विशेष रूप से OBC सूची में ‘वैष्णव’ नाम जोड़ने और इस मुद्दे को विधानसभा में उठाने की मांग की है, ताकि समाज की पहचान सुरक्षित हो और भविष्य में शिक्षा, आरक्षण और सरकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित किया जा सके।
समाज के वरिष्ठ पंडितों और प्रतिनिधियों ने इस अवसर पर विधायक से आग्रह किया कि वे इस मुद्दे पर शीघ्र कार्रवाई करें और समाज के सभी सदस्यों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करें।ज्ञापन में वैष्णव समाज तहसील अध्यक्ष ओम प्रकाश वैष्णव रघुराजपुरा, नगर अध्यक्ष देवेंद्र वैष्णव, मिश्री दास वैष्णव, सत्यनारायण वैष्णव प्रतापपुरा, महावीर वैष्णव, किशन वैष्णव खामोर, बसंत वैष्णव, चीनू वैष्णव, मोनू राज वैष्णव सहित समाज के लोग उपस्थित रहे।
