राजेन्द्र खटीक
शाहपुरा/स्मार्ट हलचल|शाहपुरा प्रतिभा किसी सुविधा की मोहताज नहीं होती। शाहपुरा के होनहार तैराक वीर मीणा और रणवीर मीणा ने सीबीएसई वेस्ट ज़ोन तैराकी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर कुल छह रजत पदक जीतते हुए शाहपुरा, भीलवाड़ा और राजस्थान का गौरव बढ़ाया। कोच पंकज ढांका ने बताया कि वीर मीणा ने अपने व्यक्तिगत स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 100 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक और 200 मीटर बटरफ्लाई सहित कुल चार रजत पदक जीते। वहीं रणवीर मीणा ने 4×100 मीटर फ्री रिले स्पर्धा में बेहतरीन प्रदर्शन कर दो रजत पदक अपने नाम किए। दोनों खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन से प्रतियोगिता में राजस्थान की दमदार उपस्थिति दर्ज हुई।
प्रतियोगिता के समापन पर आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में विजेता खिलाड़ियों को रजत पदक पहनाकर सम्मानित किया गया। जैसे ही वीर मीणा और रणवीर मीणा विजेता मंच पर पहुंचे, पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। यह क्षण दोनों खिलाड़ियों के साथ-साथ शाहपुरा और पूरे राजस्थान के लिए भी गर्व का विषय बन गया। दोनों खिलाड़ियों की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर परिवार विद्यालय प्रशिक्षकों खेल प्रेमियों और क्षेत्रवासियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस सफलता का श्रेय खिलाड़ियों के नियमित अभ्यास अनुशासन कठिन परिश्रम तथा कोच पंकज ढांका के कुशल मार्गदर्शन को दिया जा रहा है। सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने वाले इन दोनों खिलाड़ियों ने यह सिद्ध कर दिया कि दृढ़ संकल्प निरंतर अभ्यास और मेहनत के बल पर कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उनकी उपलब्धि प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है।
