11 सीटों के बहुमत ने कांग्रेस के लिए खोला प्रधान पद का रास्ता, अब तीन महिला दावेदारों में किसकी खुलेगी किस्मत?
काली जाट, पुष्पा लढ़ा और सीमा जाट के नामों पर सियासी गुणा-भाग तेज, कांग्रेस में सहमति बनाने की कवायदय भाजपा की करारी शिकस्त के बाद प्रधान चयन पर टिकी निगाहें
शाहपुरा। मूलचन्द पेसवानी, स्मार्ट हलचल। पंचायत समिति चुनाव के नतीजों ने शाहपुरा की ग्रामीण राजनीति का समीकरण पूरी तरह बदल दिया है। 15 पंचायत समिति सदस्यों वाली शाहपुरा पंचायत समिति में कांग्रेस ने 11 सीटें जीतकर ऐसा बहुमत हासिल किया है कि प्रधान की कुर्सी पर उसका कब्जा लगभग तय माना जा रहा है। भाजपा महज चार सीटों पर सिमट गई। लेकिन चुनावी मुकाबले का परिणाम आने के बाद अब असली सियासी खेल शुरू हुआ है। सवाल यह नहीं कि प्रधान किस पार्टी का बनेगा, बल्कि सबसे बड़ा कौतुहल यह है कि कांग्रेस की किस महिला सदस्य के सिर प्रधान का ताज सजेगा?
कांग्रेस के पास स्पष्ट बहुमत है, लेकिन प्रधान पद के दावेदारों के नाम पर अभी अंतिम मुहर नहीं लगी है। पार्टी के भीतर तीन नामों को लेकर राजनीतिक चर्चाएं गर्म हैं। इनमें काली जाट, पुष्पा लढ़ा और सीमा जाट के नाम प्रमुखता से सामने आ रहे हैं। तीनों की अपनी राजनीतिक पृष्ठभूमि, सामाजिक संपर्क और दावेदारी के अलग-अलग आधार हैं। ऐसे में प्रधान चयन का फैसला केवल चुनावी जीत के आंकड़ों से नहीं, बल्कि संगठनात्मक समीकरण, नेताओं की सहमति और सामाजिक संतुलन से भी तय होने की संभावना है।
काली जाट की दावेदारी को संगठनात्मक ताकत का सहारा
प्रधान पद की दौड़ में काली जाट का नाम सबसे अधिक चर्चा में है। उनके पति छोटू जाट लंबे समय से कांग्रेस संगठन से जुड़े सक्रिय कार्यकर्ता हैं। कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामलाल जाट और विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी रहे नरेंद्र कुमार रेगर के निकटवर्ती होने के कारण उनकी राजनीतिक पहुंच को दावेदारी का मजबूत आधार माना जा रहा है।
छोटू जाट ट्रैक्टर व्यवसाय से जुड़े हैं। इस व्यवसाय के कारण ग्रामीण क्षेत्र में उनका गांव-गांव तक संपर्क और पहचान है। कांग्रेस के प्रति उनकी सक्रियता, संगठनात्मक समझ और लंबे समय से पार्टी के लिए काम करने का अनुभव काली जाट की दावेदारी को मजबूती दे रहा है। कालीदेवी भी साक्षर हैं। राजनीतिक जानकारों के अनुसार, यदि पार्टी संगठनात्मक निष्ठा और ग्रामीण क्षेत्रों में पकड़ को प्राथमिकता देता है तो काली जाट का पलड़ा भारी रह सकता है।
सामान्य वर्ग का समीकरण बना तो पुष्पा लढ़ा की एंट्री
प्रधान पद के लिए सामान्य वर्ग का आरक्षण होने से राजनीतिक समीकरण में एक नया मोड़ आ गया है। इसी के साथ पुष्पा लढ़ा का नाम भी चर्चा के केंद्र में आ गया है। वे शाहपुरा पंचायत समिति में सामान्य वर्ग से निर्वाचित एकमात्र सदस्य हैं। यही उनकी दावेदारी का सबसे बड़ा राजनीतिक आधार माना जा रहा है।
पुष्पा लढ़ा पूर्व में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता रह चुकी हैं और दसवीं पास हैं। उनका सामाजिक संपर्क भी उनकी दावेदारी को आधार दे रहा है। उनका पुत्र भीलवाड़ा में कारोबारी है। बताया जा रहा है कि माहेश्वरी समाज के संपर्कों के माध्यम से कांग्रेस नेताओं तक अपनी बात पहुंचाने और समर्थन जुटाने की कोशिश की जा रही है। उनकी दावेदारी को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता धीरज गुर्जर से भी संपर्क किए जाने की चर्चा है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यदि कांग्रेस नेतृत्व सामान्य वर्ग के प्रतिनिधित्व को प्रमुखता देता है तो पुष्पा लढ़ा की दावेदारी अचानक मजबूत हो सकती है। हालांकि केवल सामान्य वर्ग से निर्वाचित होना ही उनके चयन की गारंटी नहीं है। अंतिम निर्णय संगठन की सहमति और राजनीतिक परिस्थितियों पर निर्भर करेगा।
भाजपा की दावेदार को हराने वाली सीमा जाट भी दौड़ में
प्रधान पद की संभावित दावेदारों में तीसरा नाम सीमा जाट का है। कादीसहना निवासी सीमा जाट ने चुनाव में भाजपा की ओर से प्रधान पद की दावेदार मानी जा रही बादाम जाट को शिकस्त देकर अपनी राजनीतिक ताकत का परिचय दिया है।
सीमा जाट की जीत इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है कि उन्होंने सीधे तौर पर भाजपा के मजबूत दावेदारी वाले चेहरे को चुनावी मैदान में पराजित किया। वे भी साक्षर हैं। उनकी इस जीत को कांग्रेस के भीतर एक मजबूत राजनीतिक संदेश के रूप में देखा जा रहा है। यदि पार्टी नेतृत्व चुनावी प्रदर्शन और भाजपा के खिलाफ मिली निर्णायक जीत को महत्व देता है तो सीमा जाट का नाम भी अंतिम समय में मजबूत दावेदार के रूप में उभर सकता है।
प्रधान चयन में इन तीन समीकरणों की रहेगी अहम भूमिका
कांग्रेस के सामने प्रधान चयन के दौरान तीन प्रमुख पहलुओं में संतुलन बनाने की चुनौती होगी।
पहला, संगठन के पुराने और समर्पित कार्यकर्ताओं को राजनीतिक महत्व देना। दूसरा, सामान्य वर्ग के आरक्षण को ध्यान में रखते हुए सामाजिक प्रतिनिधित्व का संतुलन बनाना। तीसरा, पंचायत समिति क्षेत्र में पार्टी की राजनीतिक पकड़ को आने वाले समय में और मजबूत करना।
काली जाट की दावेदारी को संगठनात्मक संपर्क और राजनीतिक सक्रियता का आधार प्राप्त है। पुष्पा लढ़ा के पक्ष में सामान्य वर्ग से एकमात्र निर्वाचित सदस्य होने का समीकरण है, जबकि सीमा जाट की पहचान भाजपा की प्रमुख दावेदार को हराकर जीत हासिल करने वाली सदस्य के रूप में बनी है।
ऐसे में प्रधान चयन केवल एक पद का बंटवारा नहीं, बल्कि शाहपुरा में कांग्रेस की आगामी ग्रामीण राजनीति की दिशा तय करने वाला निर्णय भी साबित हो सकता है।
पार्टी नेतृत्व के पाले में गेंद, जनभावनाओं के अनुरूप होगा चयन
भीलवाड़ा कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामलाल जाट और पंचायत चुनाव में शाहपुरा के प्रभारी एवं गुलाबपुरा के पूर्व पालिका अध्यक्ष चेतन पेसवानी का कहना है कि प्रधान पद का चयन पार्टी नेतृत्व और जिला प्रभारी की राय-मशविरा करने के बाद किया जाएगा।
उनका कहना है कि प्रधान का चयन शाहपुरा की जनता की जनभावनाओं के अनुरूप किया जाएगा, ताकि आने वाले समय में कांग्रेस संगठन को शाहपुरा क्षेत्र में नई गति और मजबूती मिल सके।
अब निगाहें अंतिम फैसले पर
शाहपुरा पंचायत समिति में कांग्रेस के पास 11 सदस्यों का मजबूत संख्याबल है। ऐसे में प्रधान पद के चुनाव में पार्टी की स्थिति बेहद मजबूत है। लेकिन तीन दावेदारों के बीच किसके नाम पर सहमति बनेगी, यह अभी भविष्य के गर्भ में है।
क्या संगठन के पुराने समर्पित कार्यकर्ता परिवार की दावेदारी पर मुहर लगेगी? क्या सामान्य वर्ग का समीकरण पुष्पा लढ़ा के लिए सत्ता का रास्ता खोलेगा? या फिर भाजपा की प्रमुख दावेदार को हराने वाली सीमा जाट को पार्टी नेतृत्व पुरस्कार देगा?
फिलहाल कांग्रेस के भीतर बैठकों, संपर्कों और राजनीतिक चर्चाओं का दौर जारी रहने की संभावना है। बहुमत का आंकड़ा कांग्रेस के पास है, लेकिन प्रधान की कुर्सी तक पहुंचने का रास्ता पार्टी के अंदरूनी समीकरणों से होकर गुजरेगा। शाहपुरा की ग्रामीण राजनीति में अब सबसे बड़ा सवाल यही हैकृ11 सीटों की जीत के बाद कांग्रेस किस महिला के नाम पर लगाएगी प्रधान पद का दांव?