मूलचन्द पेसवानी
शाहपुरा।स्मार्ट हलचल|राष्ट्रीय स्तर पर साहित्य जगत में अपनी अलग पहचान बना चुके केन्द्रीय साहित्य अकादमी से सम्मानित प्रख्यात साहित्यकार डॉ. कैलाश मण्डेला का शाहपुरा राजपरिवार द्वारा रैतिया पैलेस में भव्य स्वागत एवं सहभोज के साथ अभिनंदन किया गया। यह आयोजन कई मायनों में ऐतिहासिक रहा, क्योंकि आजादी के बाद पहली बार रैतिया पैलेस के विशिष्ट हॉल में इस प्रकार का सम्मान समारोह आयोजित हुआ।
राजपरिवार के मुखिया जयसिंह ने डॉ. मण्डेला को “शाहपुरा का कोहेनूर” बताते हुए उनके साहित्यिक योगदान की सराहना की। साथ ही उन्होंने घोषणा की कि हर वर्ष एक नवोदित प्रतिभा को डॉ. मण्डेला के नाम पर ट्रॉफी और नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा, जिससे क्षेत्रीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलेगा।
कार्यक्रम का संचालन प्रसिद्ध हास्य कवि दिनेश बंटी ने किया, जिन्होंने मण्डेला के व्यक्तित्व और कृतित्व को रोचक अंदाज में प्रस्तुत किया। इस दौरान आर्य समाज के प्रतिनिधियों ने “सत्यार्थ प्रकाश” की प्रति भेंट कर उनका स्वागत किया। विभिन्न वक्ताओं ने मण्डेला के साहित्य और शिक्षा क्षेत्र में दिए गए योगदान को सराहा और उनके कृतित्व पर शोध की आवश्यकता पर जोर दिया।
साहित्य सृजन कला संगम के अध्यक्ष जयदेव जोशी ने काव्यमय प्रस्तुति से माहौल को भावविभोर कर दिया। वहीं अपने उद्बोधन में डॉ. मण्डेला ने शाहपुरा की सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण पर चिंता जताते हुए श्री उम्मेद सार्वजनिक पुस्तकालय को पुनः शुरू करने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि इतिहास को समझना और पढ़ना नई पीढ़ी के लिए अत्यंत आवश्यक है।
समारोह के दौरान डॉ. मण्डेला ने अपनी रचनाओं की चुनिंदा कविताएं और ओजस्वी गीत प्रस्तुत कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। अंत में उन्होंने अपनी एवं लोककवि मोहन मण्डेला की कृतियां राजपरिवार को भेंट की।
इस गरिमामय आयोजन में आर्य समाज के हीरालाल आर्य, सुनील बेली, गोपाल राजगुरु, तैराकी संघ के संरक्षक नरेश बूलिया, वरिष्ठ नागरिक संघ के राजेंद्र बोहरा ललजी, सेवानिवृत्त प्राचार्य डॉ. हरमल रेबारी, एसीबीईओ शाहपुरा डॉ. सत्यनारायण कुमावत, अभिभाषक दुर्गा लाल राजोरा, रैतिया पैलेस के एसओडी ओम प्रकाश सेन, समाजसेवी रामस्वरूप काबरा, सेवानिवृत्त कोषाधिकारी प्रियकांत शर्मा, अखिल व्यास, कवि शिव प्रकाश जोशी, राधाकृष्ण धाबाई, एस्ट्रोलोजर पं. सुनील भट्ट, सत्यव्रत वैष्णव, प्रेम शारदा सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं राजपरिवार के सदस्य उपस्थित रहे।
