शाहपुरा क्षेत्र योगमय: विद्यालयों, आरोग्य केंद्रों और सामाजिक संगठनों ने मनाया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस…

शाहपुरा@(किशन वैष्णव)12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शाहपुरा क्षेत्र में विभिन्न विद्यालयों, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों, पंचायत मुख्यालयों एवं सामाजिक संगठनों द्वारा सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किए गए। क्षेत्रभर में लोगों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास कर स्वस्थ एवं निरोग जीवन का संदेश दिया।
राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय हुकमपुरा में पीईईओ स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, स्वास्थ्य विभाग के कार्मिकों एवं ग्रामीणों ने भाग लिया। योग प्रशिक्षक सद्दाम हुसैन एवं पूजा रेगर ने योगाभ्यास कराया। पीईईओ बसंत कुमार नौलखा ने योग को भारत की विश्व को दी गई अमूल्य देन बताते हुए इसे दैनिक जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
वहीं आयुष्मान आरोग्य मंदिर खामोर में आयोजित कार्यक्रम में प्रशिक्षक गजराज पुरी, पूजा वैष्णव एवं नर्स सुगना कुम्हार के निर्देशन में ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन सहित विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया। डॉ. गोविन्द सिंह गुर्जर ने योग के स्वास्थ्य लाभों की जानकारी देते हुए नियमित योगाभ्यास पर बल दिया।
इसी क्रम में नई अरवड़ स्थित शनि महाराज मंदिर परिसर में भाजपा फूलियाकला मंडल द्वारा सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने योगाभ्यास कर “एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग” का संदेश दिया।
क्षेत्र के अन्य विद्यालयों, सरकारी संस्थानों एवं सार्वजनिक स्थलों पर भी योग दिवस के उपलक्ष्य में कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों के अंत में प्रतिभागियों ने स्वस्थ, संतुलित एवं निरोग जीवन के लिए नियमित योग करने का संकल्प लिया। पूरे शाहपुरा क्षेत्र में योग दिवस को लेकर उत्साहपूर्ण वातावरण देखने को मिला।