शहर की सड़कों पर दिखा रंगोत्सव का रौनक नजारा, दिनभर चला रामा-श्यामा का दौर, शमशान में भस्म से खेली होली, होलिका दहन के बाद फिजाओं में घुली गुलाल की खुशबू, छाई धुलंडी की रंगत

भीलवाड़ा/ जिले भर में रंगोत्सव के मुख्य पर्व धुलंडी पर असमंजस के बीच मंगलवार व बुधवार को शहरवासी रंगों से सरोबार रहा तो नहीं दुसरी ओर माना जा रहा है की इस बार सालों पुरानी परंपरा टूट गई, और धुलंडी आधी-अधूरी रही, ग्रहण के साये में रंगों का जोश फिका पड़ गया। हालांकि फिजाओं में रंग बिरंगी गुलाल की महक के साथ हर उम्र के लोगों की टोलियां सुबह से शहर की सड़क पर नजर आई। वस्त्रनगरी में मंगलवार को धुलंडी का पर्व परंपरा और खगोलीय संशय के बीच मिला-जुला रहा। अमूमन रंगों की बौछार और हुड़दंग से सराबोर रहने वाली धुलंडी पर इस बार चंद्रग्रहण के चलते उत्साह की ‘रंगत’ कुछ कम नजर आई। शहर के इतिहास में संभवत यह पहला मौका था जब धुलंडी के दिन भी 60 प्रतिशत से अधिक बाजार खुले रहे। हालांकि, गलियों में होली है की गूंज सुनाई दी, लेकिन सार्वजनिक आयोजनों में भीड़ का टोटा रहा। हालांकि मंगलवार को राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की ओर से नेहरू गार्डन में जमकर होली खेली गई। जबकि शहरवासियों ने बुधवार को जमकर रंगों के साथ होली पर्व मनाया। वहीं पुलिस मुख्यालय के आदेश के बाद पुलिस लाइन में पुलिस की होली की तैयारियां धरी रही गई। पुलिस की होली अब गुरुवार को खेली जाएगी। बुधवार को शहर में कई महिला संगठनों व अग्रवाल समाज द्वारा सामुहिक रूप से उत्साहपूर्वक होली पर्व मनाया गया।

*असमंजस के बीच दुकानें खुलीं पर नदारद रहे ग्राहक….*

शहर में धुलंडी पर दोपहर तक बाजार पूरी तरह बंद रखने की पुरानी परंपरा है, लेकिन इस बार नजारा बदला हुआ था। गुलमंडी से लेकर सांगानेरी गेट तक मुख्य बाजारों में व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान खोले रखे। दुकानदारों का तर्क था कि ग्रहण और तिथियों के फेर में इस बार धुलंडी दो दिन मंगलवार और बुधवार को मनाई जा रही है। इसके चलते बाजार बंद करने का विशेष उत्साह नहीं रहा। हालांकि, दुकानों पर ग्राहकी पूरी तरह शून्य रही और व्यापारी बाहर बैठकर चर्चा करते ही नजर आए।

*कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण मनाया गया, होली पर्व*

जिलेभर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच होली का पर्व शांतिपूर्ण तरीके से मनाया गया। कहीं भी किसी तरह की अप्रिय घटना की बात सामने नहीं आई है। जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र यादव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारस जैन सहित अन्य पुलिस अधिकारियों व जाब्ते की सतर्कता व सुझबूझ को शहरवासियों द्वारा सराहा गया तो वहीं जिलेभर में उपाधीक्षक व थानाधिकारी अलर्ट मोड पर रहे, दो दिवसीय आयोजन के बजाय तीन दिवसीय हो जाने के कारण पुलिस द्वारा होली का आयोजन गुरुवार को पुलिस लाइन में किया जाएगा।

शमशान में खेली भस्म से होली, निकाली भैरू जी की सवारी

पिछले कई दशक और परंपरा के अनुसार शहर के पंचमुखी मोक्षधाम में आधी रात को श्रद्धालुओं ने चिता भस्म की होली खेली साथ ही इस दौरान मसानिया भैरव की बैंड बाजों और डीजे की धुन पर विशाल सवारी निकाली जिसमे भक्त भैरु जी के भजनों पर खूब थिरके । यह परम्परा पिछले 20 वर्षो से पंचमुखी मोक्षधाम स्थित भैरवनाथ मंदिर में चली आ रही है यह एक प्रकार की अनोखी होली है जो कही देखने को नहीं मिलती । चिता की राख को पहले भैरू बाबा को अर्पित करने के बाद ही भक्त उस राख से होली खेलते है ।