संजय चौरसिया
हरनावदाशाहजी। स्मार्ट हलचल| महाशिवरात्रि पर्व महोत्सव के तहत रविवार दोपहर बाद मनोहरथाना मार्ग स्थित बूढ़े महादेव मंदिर से भव्य शिवबारात निकाली गई। आकर्षक झांकियों, ढोल-नगाड़ों और भक्ति संगीत के साथ निकली बारात में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। भगवान शिव की सजीव झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही।
शिवबारात कस्बे के प्रमुख मार्गों से होती हुई देर शाम विवेकानंद सर्किल पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर बारात का स्वागत किया। इसके बाद बारात छीपाबड़ौद मार्ग स्थित शिवालय गुफा मंदिर परिसर पहुंची, जहां आयोजन समिति एवं श्रद्धालुओं द्वारा जोर-शोर से बारात का भव्य स्वागत किया गया।
बारात में युवक और महिलाएं भक्ति गीतों पर नृत्य करते हुए “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। पूरे कस्बे में शिवभक्ति का उत्साह और उल्लास दिखाई दिया।
वरमाला के बाद शिव पार्वती विवाह सम्पन्न
शिवालय गुफा मंदिर परिसर में बारात पहुंचने के बाद पारंपरिक रीति-रिवाजों और वरमाला के बाद भगवान शिव और माता पार्वती का विवाह समारोह आयोजित किया गया। विवाह कार्यक्रम को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। विवाह के दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
महोत्सव के तहत हुआ भव्य आयोजन, सोमवार को होगा विशाल भंडारा
महाशिवरात्रि महोत्सव के तहत इससे पूर्व महिलाओं की मंगल कलश यात्रा, हल्दी मेहंदी तथा माता पूजन जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए। महोत्सव के समापन अवसर पर सोमवार को समस्त ग्रामीणों के सहयोग से 9वें विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सर्व समाज के हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। कस्बे समेत निकटवर्ती क्षेत्र के भक्त भी भंडारे मे भाग लेते है।
पूरा कस्बा महाशिवरात्रि महोत्सव के अवसर पर शिवमय वातावरण में डूबा हुआ है और धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता का संदेश दे रहा है।
फोटो कैप्शन:-
हरनावदाशाहजी कस्बे के मनोहरथाना मार्ग स्थित बूढ़े महादेव मंदिर से निकली शिवबारात में नृत्य करते श्रद्धालु।
