भव्य कलश यात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब, श्रीजी महाराज ने किया गोपी गीत कथा का शुभारंभ
अनिल कुमार खींची
ब्यावर।स्मार्ट हलचल|रास श्री सीमेंट लिमिटेड, रास की आवासीय कॉलोनी परिसर में श्री महागणपति जी के पंचम वार्षिकोत्सव के तहत शनिवार को धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन श्रद्धा एवं उल्लास के साथ किया गया। महोत्सव के दौरान मंदिर परिसर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना हुई और शाम को निकाली गई भव्य कलश यात्रा ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।आचार्य लक्ष्मीनारायण शास्त्री के सान्निध्य में मंत्रोच्चार के साथ देव पूजन किया गया। कंपनी के चीफ मैन्यूफैक्चरिंग ऑफिसर सतीश माहेश्वरी ने सपत्नीक पूजा-अर्चना कर प्रथम पूज्य भगवान गणेश से सभी के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी सपरिवार मौजूद रहे और धार्मिक अनुष्ठान में भाग लिया।
कलश यात्रा में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
महोत्सव के तहत शाम 4:30 बजे मंदिर परिसर से महिलाओं द्वारा भव्य कलश यात्रा निकाली गई। पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर यात्रा में भाग लिया। कॉलोनी के निवासियों के साथ बाहर से आए श्रद्धालु भी बड़ी संख्या में शामिल हुए। कलश यात्रा के दौरान पूरा वातावरण गणपति महाराज के जयकारों से गूंज उठा।
श्रीजी महाराज ने किया गोपी गीत कथा का शुभारंभ
इसके बाद निम्बार्क तीर्थ-अजमेर के पीठाधीश्वर श्री श्यामशरण देवाचार्य श्री श्रीजी महाराज के मुखारविंद से दो दिवसीय गोपी गीत कथा का शुभारंभ हुआ। कथा शनिवार एवं रविवार को शाम 6 से रात 9 बजे तक आयोजित की जा रही है। कथा श्रवण के लिए ब्यावर सहित आसपास के क्षेत्रों से श्रद्धालु मंदिर परिसर पहुंच रहे हैं। कथा के समापन के बाद महागणपति जी की भव्य आरती की गई और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
महोत्सव को लेकर मंदिर परिसर को रंग-बिरंगे फूलों एवं आकर्षक विद्युत रोशनी से सजाया गया है। रोशनी से नहाया मंदिर परिसर श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
गणेश चतुर्थी पर होंगे कई धार्मिक आयोजन
14 सितंबर को गणेश चतुर्थी के अवसर पर सुबह 7 बजे देव पूजन एवं श्री गणराज का महाअभिषेक होगा। सुबह 9:30 बजे श्रृंगार के बाद हवन तथा 11:30 बजे 1008 मोदक अर्पित कर 56 भोग लगाया जाएगा। दोपहर 12:30 बजे महाआरती होगी। शाम 5:30 बजे कॉलोनी परिसर में भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। विग्रह भ्रमण के बाद आरती एवं अन्नकूट प्रसाद वितरण किया जाएगा।
श्रद्धालुओं के लिए किए विशेष प्रबंध
रास यूनिट के एचआर हेड जे.के. पुरोहित ने बताया कि महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए कथा स्थल एवं मंदिर परिसर में आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं, ताकि भक्तों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो।
दक्षिण भारतीय शैली में बना है भव्य मंदिर
श्री महागणपति मंदिर अपनी स्थापत्य कला के कारण भी विशेष पहचान रखता है। दक्षिण भारतीय शैली में काले ग्रेनाइट से निर्मित गणपति महाराज एवं रिद्धि-सिद्धि की प्रतिमाएं श्रद्धालुओं को आकर्षित करती हैं। मंदिर परिसर में जैसलमेर के हाबुर पत्थर की बारीक कलाकारी भी देखने को मिलती है। यही कारण है कि ब्यावर सहित दूर-दराज के क्षेत्रों से श्रद्धालु यहां दर्शन के लिए पहुंचते हैं।