:- बारिश भी नहीं रोक पाई श्रद्धालुओं की आस्था, भेंट पात्र से 45.87 लाख से अधिक की राशि प्राप्त
राजेन्द्र बबलू पोखरना
कोटड़ी। स्मार्ट हलचल |मेवाड़ की आस्था के प्रमुख केंद्र श्री चारभुजानाथ धाम, कोटड़ी में हरियाली अमावस्या के पावन अवसर पर बुधवार को श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। सुबह मंगला आरती के साथ मंदिर के पट खुलते ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। बारिश के बीच भी आसपास के ग्रामीण अंचलों सहित विभिन्न क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालु भगवान श्री चारभुजानाथ के दर्शन, पूजा-अर्चना और मनोकामना पूर्ति के लिए मंदिर पहुंचे। दिनभर मंदिर परिसर और आसपास के बाजारों में श्रद्धालुओं की चहल-पहल बनी रही तथा पूरा वातावरण “जय श्री चारभुजानाथ” के जयघोषों से गूंजता रहा।
:- बरसात भी नहीं रोक पाई आस्था
हरियाली अमावस्या पर हुई बारिश भी श्रद्धालुओं की आस्था को नहीं डिगा सकी। कई श्रद्धालु बारिश में भी पैदल यात्रा कर भगवान के दरबार में पहुंचे। श्रद्धालुओं ने धान, नारियल, प्रसाद एवं पूजन सामग्री अर्पित कर सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। अमावस्या के अवसर पर भगवान श्री चारभुजानाथ का विशेष अभिषेक एवं आकर्षक श्रृंगार किया गया। मनमोहक अलंकरण में विराजित ठाकुरजी के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं।
महाआरती के दौरान घंटानाद, शंखध्वनि और जयघोषों से मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालु भगवान की भक्ति में सराबोर नजर आए।
:- भक्तों ने खुलकर किया सहयोग
अमावस्या पर मंदिर ट्रस्ट की ओर से खोले गए भेंट पात्रों में श्रद्धालुओं ने जमकर सहयोग किया। ट्रस्ट के अनुसार भेंट राशि की गणना में कुल 45 लाख 87 हजार 871 रुपए प्राप्त हुए। इसके अतिरिक्त श्रद्धालुओं ने 1 किलो 612 ग्राम चांदी एवं 3 ग्राम 220 मिलीग्राम सोना भी भगवान श्री चारभुजानाथ के चरणों में अर्पित किया। मंदिर ट्रस्ट की देखरेख में भेंट पात्र खोले गए और श्रद्धालुओं एवं गणमान्य नागरिकों की मौजूदगी में राशि की गणना की गई। भेंट राशि सामने आने के साथ ही मंदिर परिसर “श्री चारभुजानाथ की जय” के जयघोषों से गूंज उठा। ट्रस्ट अध्यक्ष सुदर्शन गाड़ोदिया, सचिव श्याम सुंदर चेचानी एवं पदाधिकारियों ने श्रद्धालुओं और दानदाताओं का आभार जताते हुए कहा कि प्राप्त सहयोग राशि का उपयोग मंदिर विकास, धार्मिक आयोजनों एवं जनसेवा के कार्यों में किया जाएगा।श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर ट्रस्ट, प्रशासन, पुलिस एवं स्वयंसेवकों की ओर से दर्शन व्यवस्था, सुरक्षा, पेयजल, छाया सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं। बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं ने व्यवस्थित रूप से भगवान के दर्शन किए। हरियाली अमावस्या पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ का असर स्थानीय बाजारों में भी दिखाई दिया। प्रसाद, फूल-माला, पूजा सामग्री सहित अन्य दुकानों पर दिनभर अच्छी खरीदारी हुई। इससे बाजारों में विशेष चहल-पहल बनी रही।
फोटो
