“मेलों में रासलीला पर रोक, प्रशासन नहीं दे रहा अनुमति… 2027 में अखिलेश यादव बनेंगे मुख्यमंत्री”
सैफई (इटावा) ।स्मार्ट हलचल|क्षेत्र के प्रसिद्ध श्री देवी वेला भवानी मंदिर उझियानी में आयोजित पारंपरिक मेले का उद्घाटन समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने फीता काटकर किया। मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, ग्रामीण और सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
उद्घाटन समारोह के दौरान शिवपाल सिंह यादव ने प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि वर्तमान सरकार मेलों और सांस्कृतिक आयोजनों को बढ़ावा देने के बजाय उन पर रोक लगाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा मेले में रासलीला जैसे धार्मिक कार्यक्रमों की अनुमति नहीं दी जा रही है और पुलिस प्रशासन भी परमिशन देने में आनाकानी कर रहा है।
उन्होंने कहा कि सिनेमा और अश्लीलता पर तो कोई रोक नहीं लगाई जाती, लेकिन धार्मिक मेलों और परंपरागत आयोजनों को रोकने की कोशिश की जा रही है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
शिवपाल सिंह यादव ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले नोटबंदी के समय लोगों को लंबी-लंबी लाइनों में खड़ा किया गया, फिर किसानों को खाद के लिए लाइन लगानी पड़ी और अब गैस सिलेंडर के लिए भी लोगों को लाइन में लगना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है और मजदूरों का काम भी छिनता जा रहा है, जिससे जनता परेशान है। उन्होंने दावा किया कि 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी और अखिलेश यादव मुख्यमंत्री बनेंगे, तब प्रदेश में मेलों और सांस्कृतिक आयोजनों को फिर से बढ़ावा मिलेगा और किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य मिलेगा।
कार्यक्रम के दौरान शिवपाल सिंह यादव ने मंच पर मौजूद फगुआ गायकों को भी आमंत्रित किया और करीब एक घंटे तक फाग गीतों का आनंद लिया। इस दौरान मेले में मौजूद लोगों ने भी फाग का भरपूर आनंद उठाया।
मेले में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, सपा पदाधिकारी, आयोजक समिति के सदस्य तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। प्रधान प्रतिनिधि करन सिंह राठौर के पुत्र
विवेक राठौर, कुणाल राठौर, विकास राठौर ने सपा महासचिव शिवपाल सिंह यादव को चांदी का मुकुट पगड़ी पहनाकर स्वागत किया। इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख ताखा चीनी यादव, जिला सचिव संदीप यादव “लालू” मनोज कुमार यादव “बंटी” का भी स्वागत किया गया।
मेला अध्यक्ष अवधेश यादव राजकीय ठेकेदार, भारत सिंह यादव राजकीय ठेकेदार, दशरथ सिंह यादव, रक्षपाल यादव, रामगोपाल यादव पूर्व उप प्रधान सैफई, रामफल बाल्मीक प्रधान सैफई, हाकिम सिंह यादव बघुइया, राकेश यादव वघुइया, महाराज सिंह, मुरलीधर बाथम उपसंरक्षक जयपाल सिंह यादव (सैफई) प्रबंधक श्रीमती गुड्डी राठौर प्रधान, जितेंद्र राठौर, वीकेश यादव प्रधान, अंकित यादव बीटू सैफई आदि ने शिवपाल सिंह यादव का जोरदार स्वागत किया।
