सैफई (इटावा)। स्मार्ट हलचल।कस्बा सैफई के जसवंतनगर रोड स्थित स्थानीय मोहल्ले में क्षेत्रवासियों के सहयोग से आयोजित श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। कथा के दौरान बलदेव मथुरा की सरस कथा वाचिका दिव्या शास्त्री ने श्रद्धालुओं को सत्य, धर्म और त्याग की प्रेरणादायी कथा सुनाते हुए राजा हरिश्चंद्र के जीवन प्रसंग का विस्तार से वर्णन किया।
कथा वाचिका दिव्या शास्त्री ने कहा कि राजा हरिश्चंद्र सत्य और धर्म के ऐसे प्रतीक थे, जिन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी अपने वचन और सिद्धांतों से कभी समझौता नहीं किया। उन्होंने राजपाट, परिवार और सुख-सुविधाओं का त्याग कर सत्य की रक्षा की। उनका जीवन आज भी समाज को ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि मनुष्य को जीवन में चाहे कितनी भी कठिनाइयों का सामना करना पड़े, लेकिन सत्य और धर्म का साथ कभी नहीं छोड़ना चाहिए। भगवान की भक्ति, सद्कर्म और सत्यनिष्ठा ही मनुष्य को वास्तविक सम्मान और मोक्ष का मार्ग प्रदान करती है।
कथा के दौरान भक्ति गीतों और संगीतमय प्रस्तुति से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। श्रद्धालु कथा का श्रवण कर भाव-विभोर हो उठे और “हरि बोल” व “राधे-राधे” के जयघोष से पूरा पंडाल गुंजायमान हो गया।
आयोजकों ने बताया कि श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन स्थानीय मोहल्ले के लोगों के सहयोग से कराया जा रहा है। कथा में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर धर्म लाभ प्राप्त कर रहे हैं। अंत में श्रद्धालुओं ने कथा वाचिका का आशीर्वाद लिया तथा आयोजन की सफलता के लिए सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर मिजाजी लाल यादव, संजीव यादव, अंशुल यादव, टिल्लू यादव, जगदीश यादव, मुकेश यादव, मनोज कुमार पूता यादव, सोनू यादव, सुनील यादव, बरखू राम यादव, डॉ सीताराम यादव, शैलेन्द्र यादव आदि मौजूद रहे।
