शिव लाल जांगिड़
लाडपुरा|स्मार्ट हलचल|क्षेत्र के ग्राम श्यामगढ़ में आगामी 2 अप्रैल से धर्म और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। समस्त श्यामगढ़ ग्राम पंचायतवासियों और श्री चारभुजा नाथ के संयुक्त तत्वावधान में भगवान चारभुजा नाथ मन्दिर प्रांगण परिसर में सात दिवसीय ‘संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा सप्ताह ज्ञान यज्ञ’ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह धार्मिक अनुष्ठान 2 अप्रैल से शुरू होकर 8 अप्रैल तक चलेगा, जिसकी तैयारियों में ग्रामीण पूरे उत्साह के साथ जुटे हुए हैं।
कलश यात्रा से होगा श्रीगणेशः आयोजन समिति और ग्रामीणों ने बताया कि कथा का शुभारंभ 2 अप्रैल (गुरुवार) को एक विशाल और भव्य कलश यात्रा के साथ होगा। यह कलश यात्रा प्रातः 8:15 बजे मंदिर प्रांगण परिसर से गाजे-बाजे के साथ शुरू होगी, जो गांव के प्रमुख मार्गों से भ्रमण करते हुए पुनः चारभुजा मंदिर प्रांगण पहुंचेगी। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं सिर पर मंगल कलश धारण कर शामिल होंगी। दोपहर 12:15 बजे कथा की गंगाः से बहेगी कलश स्थापना के पश्चात् मन्दिर प्रांगण में निर्मित भव्य पांडाल में प्रतिदिन दोपहर 12:15 बजे से 3:15 बजे तक कथा वाचन किया जाएगा।
इस दौरान प्रसिद्ध कथावाचक हरिओम बनेठ वाले महाराज व्यास पीठ पर विराजमान होकर अपने मुखारविंद से श्रीमद् भागवत की महिमा, भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं और ज्ञान-वैराग्य का सुमधुर गुणगान करेंगे। समस्त ग्रामवासियों ने क्षेत्र के सभी धर्मप्रेमियों से इस ज्ञान यज्ञ में पधारकर धर्म लाभउठाने की अपील की है।
