डमी अभ्यर्थी बैठाकर पास की थी परीक्षा, SOG जांच में खुलासा; राजेंद्र प्रसाद गोयल का सख्त एक्शन, दोनों आरोपी पहले ही भेजे जा चुके हैं जेल
भीलवाड़ा /स्मार्ट हलचल|कोटा SI भर्ती परीक्षा-2021 पेपर लीक प्रकरण में बड़ा प्रशासनिक एक्शन सामने आया है। कोटा रेंज के आईजी राजेंद्र प्रसाद गोयल ने नियुक्त दो सब इंस्पेक्टरों को राज्य सेवा से तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर दिया है।
जांच में सामने आया कि दोनों ने डमी अभ्यर्थी को परीक्षा में बैठाकर चयन हासिल किया था। स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) की गहन जांच में फर्जीवाड़े का पर्दाफाश हुआ, जिसके बाद दोनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई।
बर्खास्त किए गए आरोपियों की पहचान शेर सिंह और मनोहर सिंह जाट के रूप में हुई है। दोनों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भिजवाया जा चुका है।
यह कार्रवाई राजस्थान असैनिक सेवाएं (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1958 के नियम 19(2) के तहत की गई है, जिसके तहत गंभीर आपराधिक प्रकरण में तत्काल प्रभाव से सेवा समाप्ति का प्रावधान है।
पेपर लीक कांड में लगातार हो रही कार्रवाई से स्पष्ट है कि सरकार और पुलिस मुख्यालय दोषियों पर शिकंजा कसने के मूड में हैं। भर्ती प्रक्रिया की साख पर लगे दाग को मिटाने के लिए अब विभाग सख्ती के साथ कदम उठा रहा है।










