पुलिस की सतर्कता से उजागर हुआ फर्जीवाड़ा, पीड़ितों के खातों से निकाली जा रही थी सरकारी सहायता राशि
महिमा
बिजोलिया : थाना क्षेत्र में सिलिकोसिस जैसी गंभीर बीमारी से पीड़ित व्यक्तियों को निशाना बनाकर धोखाधड़ी करने वाले दो शातिर आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई 20 मई को कस्बे में आयोजित जनसुनवाई के दौरान प्राप्त शिकायतों के आधार पर की गई। मामले को लेकर जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के निर्देश पर तत्काल जांच शुरू की गई थी। जिस पर थानाधिकारी लोकपाल सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। थानाधिकारी लोकपाल सिंह ने बताया की जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी डूंगर सिंह पिता कूप सिंह (उम्र 58 वर्ष) और योगराज सिंह पिता डूंगरसिंह (उम्र 31 वर्ष), दोनों निवासी ढाणी का चबूतरा , बिजोलिया हाल सुरडीया ब्यावरा सिलिकोसिस पीड़ितों को सरकारी सहायता राशि दिलवाने के नाम पर उनके जरूरी दस्तावेज़ एकत्र करते थे। सहायता राशि खातों में आते ही खाली चैकों से आरोपी राशि स्वयं निकाल लेते थे, और पीड़ितों को इस बारे में कोई जानकारी नहीं देते थे।
धोखाधड़ी का तरीका:
• आरोपी स्वयं को सरकारी योजनाओं से जोड़कर पीड़ितों को भरोसे में लेते थे।
• पीड़ितों के नाम से बैंक खाते खुलवाकर या उनके मौजूदा खातों की जानकारी लेकर राशि पर नियंत्रण स्थापित करते थे।
• सरकारी सहायता राशि जैसे ही खातों में आती, आरोपी उसे निकाल लेते थे और पीड़ितों को अंधेरे में रखते थे।
• कई बार खाते पीड़ितों के नाम से होते हुए भी संचालन पूरी तरह से आरोपियों के हाथ में होता था।
पुलिस टीम में शामिल अधिकारी:
1. हेड कांस्टेबल रामसिंह
2. कांस्टेबल राजवीर
3. प्रोबेशनर कांस्टेबल गीतम सिंह
टीम ने त्वरित कार्रवाई कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।