भीलवाड़ा पुलिस का डबल एक्शन: पोक्सो में 2 साल और शराब तस्करी में 12 साल से फरार 2 इनामी वांटेड गिरफ्तार
भीलवाड़ा | स्मार्ट हलचल|भीलवाड़ा जिले में वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुर थाना पुलिस और जिला विशेष शाखा (DST) ने दो बड़ी कार्रवाइयों को अंजाम दिया है। पुलिस ने पोक्सो (POCSO) एक्ट के तहत नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में 2 साल से फरार चल रहे 10,000 रुपये के इनामी अपराधी को अहमदाबाद से और अवैध शराब तस्करी के मामले में 12 साल से फरार 7,500 रुपये के इनामी तस्कर को हरियाणा से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
कार्रवाई 1: भतीजी से दुष्कर्म का आरोपी ‘काका’ अहमदाबाद से गिरफ्तार
अगस्त 2024 में पुर थाने में एक परिवादी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसका रिश्तेदार (काका) शंकर नायक उसकी नाबालिग पुत्री को स्कूल से बहाने से अपने घर ले गया और उसके साथ डरा-धमका कर दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपी ने बच्ची को जान से मारने की धमकी दी थी।
इस गंभीर प्रकरण (FIR No. 179/2024) में पुलिस ने मामला दर्ज किया, लेकिन आरोपी शंकर नायक घटना के बाद से ही फरार हो गया था। पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह द्वारा आरोपी पर 10,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था। थानाधिकारी कन्हैया लाल (पु. नि.) के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी सहयोग और परम्परागत पुलिसिंग के जरिये आरोपी शंकर नायक (निवासी नाथडियास, पुर) को अहमदाबाद (गुजरात) से डिटेन कर गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई में कांस्टेबल अनिल कुमार और जगदीश का विशेष योगदान रहा।
कार्रवाई 2: 12 साल से फरार 7500 का इनामी शराब तस्कर हरियाणा से दबोचा
दूसरी बड़ी सफलता अवैध शराब तस्करी के एक पुराने मामले में मिली है। 20 जनवरी 2014 को पुर थाना पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक ट्रक को पकड़ा था, जिसमें भारी मात्रा में हरियाणा निर्मित अंग्रेजी शराब के कार्टन भरे थे। मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को पूर्व में ही गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन एक मुख्य आरोपी सुनील जाट (निवासी बडेसरा, भिवानी, हरियाणा) घटना के बाद से ही पिछले 12 सालों से फरार चल रहा था।
एसपी भीलवाड़ा ने इस वांटेड तस्कर पर 7,500 रुपये का इनाम रखा था। डीएसटी टीम के हेड कांस्टेबल ओम प्रकाश (1263) द्वारा मानवीय आसूचना और तकनीकी इनपुट जुटाकर इस शातिर तस्कर सुनील जाट को हरियाणा से डिटेन कर गिरफ्तार किया गया।
इन अधिकारियों के नेतृत्व व टीम की रही अहम भूमिका:
यह डबल कार्रवाई एसपी धर्मेन्द्र सिंह के निर्देशन तथा एएसपी (मुख्यालय) पारस जैन, एएसपी (सहाड़ा) बुद्धराज और वृत्ताधिकारी (माण्डल) राहुल जोशी के सुपरविजन में की गई। टीम में पुर थानाधिकारी कन्हैया लाल, एएसआई जमना लाल, हेड कांस्टेबल प्रदीप ओझा, ओम प्रकाश (DST), कांस्टेबल अनिल कुमार, विक्रम कुमार, जगदीश और राकेश भंडारी (DST) शामिल रहे।
