भीलवाड़ा । सोशल मीडिया पर घरेलु LPG गैस, पेट्रोल-डीजल संबंधी अफवाह फैलाने वालों पर भीलवाड़ा पुलिस ने बड़ी कार्यवाही की है । आमजन को गुमराह करने एवं सोशल मीडिया पर व्यूज हेतु अफवाह फैलाने वाले 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है । एसपी धर्मेन्द्र सिंह भीलवाड़ा के निर्देशन में सोशल मीडिया सेल द्वारा घरेलु LPG गैस को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फैलाई जा रही भ्रामक एवं अफवाहपूर्ण पोस्टों पर सख्त निगरानी रखते हुए कार्रवाई की गई। इस दौरान भीलवाड़ा पुलिस द्वारा विभिन्न थानों में कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जो सोशल मीडिया पर झूठी जानकारी प्रसारित कर आमजन में भ्रम एवं भय का माहौल उत्पन्न कर रहे थे। साथ ही ऐसे अन्य संदिग्ध अकाउंट्स की लगातार निगरानी की जा रही है जो सोशल मीडिया व अन्य माध्यमो से एलपीजी गैस एवं पट्रोल डीजल को लेकर अफवाहें फैलाकर आमजन को गुमराह कर रहे है जिनपर विधिक कार्रवाई जारी रहेगी।
वर्तमान में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा घरेलु LPG गैस, पेट्रोल एवं डीजल की कमी को लेकर भ्रामक एवं अफवाहपूर्ण सूचनाएं प्रसारित कर आमजन में भ्रम एवं अनावश्यक भय का माहौल उत्पन्न किया जा रहा था। इन अफवाहों के कारण आम नागरिकों में घबराहट की स्थिति बन रही थी तथा अनावश्यक रूप से संसाधनों की मांग बढ़ने की संभावना भी उत्पन्न हो रही है। इस संबंध में मामले को गंभीरता से लेते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सतत निगरानी रखी गई एवं सोशल मीडिया सेल द्वारा भ्रामक पोस्ट/संदेश प्रसारित करने वाले व्यक्तियों की पहचान की गई, कार्रवाई करते हुए पुलिस थाना बनेड़ा द्वारा 4, थाना बडलियास द्वारा 2 एवं थाना सुभाषनगर द्वारा 1 एवं थाना गांधीनगर द्वारा 1 सहित कूल 8 आरोपी को गिरफ्तार किया और पाबंद करवाया गया, सोशल मीडिया पर झूठी एवं भ्रामक जानकारी प्रसारित कर आमजन को गुमराह करने के साथ-साथ समाज में भय का वातावरण बनाने का प्रयास कर रहे थे।
सोशल मीडिया पर व्यूज एवं फॉलोअर्स बढ़ाने थे
प्रारंभिक जांच में यह सामने आया कि आरोपी सोशल मीडिया पर व्यूज एवं फॉलोअर्स बढ़ाने के उद्देश्य से जानबूझकर इस प्रकार की भ्रामक सामग्री प्रसारित कर रहे थे। भीलवाड़ा पुलिस द्वारा ऐसे अन्य संदिग्ध सोशल मीडिया अकाउंट्स की भी निरंतर निगरानी की जा रही है। भविष्य में यदि कोई व्यक्ति इस प्रकार की अफवाह फैलाते हुए पाया जाता है तो उसके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी एवं कालाबाजारी रोकने के लिए रसद विभाग , पुलिस एवं गैस कम्पनियों के संयुक्त दल द्वारा सख्त कार्यवाही की जाएगी।
ये हुए 8 आरोपी गिरफ्तार
1. करण जाट पिता मोहन लाल जाट नि. सरदारनगर पुलिस थाना बनेडा (भीलवाड़ा)
2. धीरज जाट पिता भंवर लाल नि. सरदारनगर पुलिस थाना बनेडा (भीलवाड़ा)
3. अर्पित शर्मा पिता गणेश नारायण शर्मा नि. जोरावरपुरा पुलिस थाना बनेडा (भीलवाड़ा)
4. अर्जुन चौधरी पिता मोहन लाल नि. सरदारनगर पुलिस थाना बनेडा (भीलवाड़ा)
5. महेंद्र कुमार पिता देबी लाल बैरवा नि. रेण, पुलिस थाना बडलियास (भीलवाड़ा )
6. कैलाश कुमार पिता देबी लाल बैरवा नि. रेण, पुलिस थाना बडलियास (भीलवाड़ा )
7. मुकेश प्रजापत पिता पारसमल प्रजापत नि. बरसनी पुलिस थाना शम्भुगढ़ (भीलवाड़ा)
8. दीपक सिंह पिता लाडू सिंह भाटी नि. गायत्री नगर पुलिस थाना गांधीनगर (भीलवाड़ा)
आमजन से अपील :
सोशल मीडिया पर प्रसारित किसी भी अपुष्ट या भ्रामक सूचना पर विश्वास न करें। घरेलु LPG गैस, पेट्रोल एवं डीजल की उपलब्धता को लेकर किसी भी प्रकार की अफवाहों से दूर रहें। केवल आधिकारिक एवं विश्वसनीय स्रोतों से प्राप्त जानकारी को ही सही मानें। सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करें।
धर्मेन्द्र सिंह, (जिला पुलिस अधीक्षक, भीलवाड़ा)
