कोटा, 27 अगस्त। स्मार्ट हलचल|आगामी नगर निगम चुनाव को लेकर यादव (जाटव) समाज की एक महत्वपूर्ण बैठक बुधवार शाम बालाकुंड स्थित हनुमान मंदिर में आयोजित की गई। बैठक में वार्ड नंबर 96 से आरती जाटव, पत्नी अजय जाटव, को भारतीय जनता पार्टी का प्रत्याशी बनाए जाने की मांग सर्वसम्मति से उठाई गई।
यादव (जाटव) समाज नवयुवक मंडल समिति, बालाकुंड, कोटा के तत्वावधान में आयोजित बैठक में समाज के बुजुर्गों, महिलाओं और युवाओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। उपस्थित समाजबंधुओं ने वार्ड 96 में समाज की बहुलता और सक्रियता का उल्लेख करते हुए भाजपा के शीर्ष नेतृत्व से समाज को उचित प्रतिनिधित्व देने की मांग की।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि अजय जाटव लंबे समय से समाज के कार्यों में सक्रिय रहे हैं और समाज के लोगों के सुख-दुख में सहभागी रहे हैं। उन्होंने कहा कि आरती जाटव को पार्टी से प्रत्याशी बनाए जाने की मांग केवल एक व्यक्ति की दावेदारी तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे समाज के प्रतिनिधित्व और एकजुटता से जुड़ा विषय माना जा रहा है।
समाज के प्रतिनिधियों ने भाजपा नेतृत्व से वार्ड 96 से आरती जाटव को अवसर देने पर विचार करने का आग्रह किया। बैठक में कहा गया कि इससे क्षेत्र में समाज की सक्रिय भागीदारी को राजनीतिक प्रतिनिधित्व मिलेगा और पार्टी के प्रति समाज का विश्वास भी मजबूत होगा। बैठक में यादव (जाटव) समाज के बड़ी संख्या में समाजबंधु उपस्थित रहे और सर्वसम्मति से प्रस्ताव का समर्थन किया।
