(पंकज पोरवाल)
भीलवाड़ा।स्मार्ट हलचल|अग्रवाल समाज के कुलपिता महाराजा अग्रसेन जी की जयंती इस बार भी भीलवाड़ा में उत्सव, एकजुटता और सामाजिक सहभागिता के रंग में नजर आएगी। समाज का दम दिखाने वाले इस दस दिवसिय महोत्सव की तैयारियां तेज हो गई हैं। श्री अग्रवाल समाज संपत्ति ट्रस्ट की ओर से 10 दिवसीय अग्रसेन जयंती महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव की शुरुआत 11 अक्टूबर से होगी और 20 अक्टूबर को भव्य दशहरा मेले के साथ इसका समापन होगा। आयोजन को लेकर समाज में तैयारियां तेज हो गई हैं। अग्रवाल उत्सव भवन में श्री अग्रवाल समाज संपत्ति ट्रस्ट के तत्वावधान में महोत्सव के विभिन्न कार्यक्रमों से संबंधित विशेष कार्ड का विमोचन किया गया। इस दौरान समाजबंधुओं को 10 दिनों तक आयोजित होने वाले विविध सामाजिक, सांस्कृतिक एवं खेलकूद कार्यक्रमों की रूपरेखा की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में ट्रस्ट अध्यक्ष पवन खेमका, सचिव मुकेश अग्रवाल, नवयुवक मंडल अध्यक्ष योगेश अग्रवाल, सचिव वेंकटेश गोयल, धीरज अग्रवाल, महिला मंडल अध्यक्ष रितु नागोरी सहित विभिन्न जोन समितियों के अध्यक्ष व मंत्री मौजूद रहे। अग्रवाल नवयुवक मंडल, महिला मंडल, आदर्श सेवा समिति एवं बायोडाटा समिति के पदाधिकारियों ने भी सहभागिता की। महोत्सव के डिजिटल प्रचार-प्रसार को भी विस्तार दिया जा रहा है। समाज की ओर से जल्द ही ई-पत्रिका के माध्यम से जयंती महोत्सव के सभी कार्यक्रमों का विस्तृत ब्यौरा समाज के प्रत्येक परिवार तक पहुंचाया जाएगा। ट्रस्ट अध्यक्ष पवन खेमका ने कहा कि महाराजा अग्रसेन जी की जयंती समाज के लिए स्वाभिमान, गौरव और उत्सव का प्रतीक है। उन्होंने अग्रबंधुओं से परिवार सहित सभी कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज की एकजुटता, ऊर्जा और सहभागिता से इस वर्ष का जयंती महोत्सव ऐतिहासिक एवं अविस्मरणीय बनाया जाएगा।