अनिल कुमार
जिला ब्यावर
सेहत से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं: CMHO डॉ. गहलोत ने फल व्यापारियों को दिए सुरक्षित विधि अपनाने के निर्देश
ब्यावर। स्मार्ट हलचल|आमजन के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. संजय गहलोत ने फलों को कृत्रिम रूप से पकाने के लिए उपयोग किए जा रहे खतरनाक रसायनों के प्रति अलर्ट जारी किया है। डॉ. गहलोत ने बताया कि बाजार में कुछ विक्रेताओं द्वारा फलों को जल्दी पकाने के लिए कैल्शियम कार्बाइड का उपयोग किया जा रहा है, जो कि FSSAI द्वारा पूर्णतः प्रतिबंधित है।
जहर के समान है कार्बाइड गैस:
CMHO के अनुसार, कार्बाइड से निकलने वाली एसीटिलीन गैस में आर्सेनिक और फॉस्फोरस जैसे जहरीले तत्व होते हैं। इसके सेवन से आमजन को चक्कर आना, उल्टी, त्वचा रोग, गले में जलन और सांस लेने में तकलीफ जैसी गंभीर बीमारियों का सामना करना पड़ सकता है।
केवल एथिलीन गैस के उपयोग की अनुमति:
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि केवल एथिलीन गैस या एथेफोन सैशे का उपयोग ही सुरक्षित और मानक माना गया है। यह विधि फलों को प्राकृतिक तरीके से पकने में मदद करती है और स्वास्थ्य के लिए हानिकारक नहीं है।
दोषियों पर होगी कठोर कार्रवाई:
डॉ. गहलोत ने जिले के सभी फल व्यापारियों, थोक विक्रेताओं और मंडी संचालकों को कड़े निर्देश दिए हैं कि वे केवल अनुमोदित विधियों का ही पालन करें। उन्होंने खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे मंडियों और दुकानों का नियमित निरीक्षण करें। यदि कहीं भी प्रतिबंधित कार्बाइड का उपयोग पाया जाता है, तो संबंधित विक्रेता के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
आमजन के लिए सलाह:
फल हमेशा विश्वसनीय दुकानों से ही खरीदें।
अत्यधिक चमकीले या असामान्य रंग वाले फलों के प्रति सतर्क रहें।
फलों को खाने से पहले साफ़ पानी से अच्छी तरह धोना न भूलें।
स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे जागरूक बनें और किसी भी संदिग्ध मिलावट या रासायनिक छिड़काव की जानकारी विभाग को दें।
