चोरों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो बड़े आंदोलन की चेतावनी, बीट प्रभारी को हटाने और विशेष टीम गठित करने की मांग
भीलवाड़ा।स्मार्ट हलचल|कोली मोहल्ला एवं आसपास के क्षेत्रों में लगातार हो रही चोरी की वारदातों को लेकर कोली समाज में आक्रोश है। चोरी की घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए कोली समाज विकास ट्रस्ट के नेतृत्व में समाजजनों ने जिला पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर अज्ञात चोरों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
कोली समाज विकास ट्रस्ट के सचिव मुरलीधर लोरवाडिया ने बताया कि हाल ही में लीला शंकर लाल गड़ोरिया के मकान से करीब 30 हजार रुपये नकद एवं चांदी की पायजेब की एक जोड़ी, दुर्गा पत्नी सम्पत गैंडावध के घर से सोने की चेन, पुराने चांदी के सिक्के एवं विदेशी मुद्रा के सिक्के, जबकि हरीश चंद्र कोली के घर से कीमती दस्तावेज चोरी होने की घटना सामने आई है।
लोरवाडिया ने बताया कि करीब एक माह पूर्व भी कोली समाज विकास ट्रस्ट की ओर से अज्ञात चोरों के क्षेत्र में आने को लेकर भीमगंज थाना पुलिस को शिकायत दी गई थी, लेकिन समाज के अनुसार मामले में अपेक्षित जांच एवं कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद पुनः चोरी की घटना सामने आने से क्षेत्रवासियों में रोष है।
समाज ने मांग की कि मामले की गंभीरता को देखते हुए लापरवाही बरतने वाले बीट प्रभारी को तत्काल हटाया जाए तथा अज्ञात चोरों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीम गठित की जाए। साथ ही क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर संदिग्धों की पहचान करने तथा मोबाइल लोकेशन/तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाने की मांग की गई।
ज्ञापन में चेतावनी दी गई कि यदि चोरी की घटनाओं पर शीघ्र प्रभावी कार्रवाई कर आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो कोली समाज की ओर से बड़ा आंदोलन किया जाएगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन की होगी।
ज्ञापन एवं विरोध प्रदर्शन के दौरान पार्षद प्रत्याशी अंजना कोली, जानकी, झलकारी बाई महिला मंडल की सदस्य अंतिमा, राजेश्वरी, पूजा, सुनीता, बबिता, मैना, कमला, पार्वती, रेनू, उर्मिला, नंदू, टोना, छोटी, ईश्वर, पवन, मोहनलाल, सोहनलाल तलाया सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।