बिन्टू कुमार
नारायणपुर |स्मार्ट हलचल|कस्बे की सड़कों पर बेलगाम घूम रहे आवारा पशुओं से आमजन को हो रही परेशानी और बढ़ती दुर्घटनाओं को देखते हुए नगरपालिका ने सख्त रुख अपनाते हुए बुधवार से विशेष अभियान की शुरुआत की है। नगरपालिका द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान में पहले ही दिन 10 सदस्यीय टीम ने 53 आवारा पशुओं को पकड़ा। ग्रामीणों और व्यापारियों ने लंबे समय से मुख्य बाजार, बस स्टैंड, अस्पताल और स्कूलों के आसपास आवारा गाय और सांडों के कारण यातायात जाम, राहगीरों के घायल होने और दुर्घटनाओं की शिकायत की थी। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद नगरपालिका ने ठेकेदार की सहायता से यह अभियान शुरू किया है, जो अगले एक सप्ताह तक चलाया जाएगा। पकड़े गए आवारा पशुओं को नगर परिषद् बहरोड़ के विशेष ट्रक से सुरक्षित रूप से धामेड़ा गौशाला और ज्ञानपुरा स्थित नंदीशाला में छोड़ा जा रहा है। नगरपालिका कार्मिक के अनुसार कस्बे में फिलहाल लगभग 150 आवारा पशु हैं, जिनको चरणबद्ध तरीके से पकड़ा जाएगा। ठेकेदार को प्रति पशु के हिसाब से भुगतान किया जाएगा। इस अभियान से कस्बेवासियों को सड़कों पर राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। वहीं नगरपालिका ने लोगों से भी अपील की है कि वे अपने पालतू जानवरों को खुले में न छोड़ें, अन्यथा संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।










