Sunday, February 15, 2026
Homeभीलवाड़ाभीलवाड़ा शहरएसपी सहित पुलिस अधिकारियों ने लिया सनातन मंगल महोत्सव के लिए सुरक्षा...

एसपी सहित पुलिस अधिकारियों ने लिया सनातन मंगल महोत्सव के लिए सुरक्षा सम्बन्धी तैयारियों का जायजा

भीलवाड़ा में 19 फरवरी से हरिशेवा उदासीन आश्रम परिसर में होगा महोत्सव का आयोजन

भीलवाड़ा, 15 फरवरी। धर्मनगरी भीलवाड़ा में हरिशेवा उदासीन आश्रम सनातन मंदिर भीलवाड़ा के महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम उदासीन महाराज के मार्गदर्शन में 19 से 26 फरवरी तक होने वाले सनातन मंगल महोत्सव एवं दीक्षा दान समारोह में बड़ी संख्या में जनसमूह उमड़ने एवं विशिष्टजनों (वीआईपी) का आगमन प्रस्तावित होने से पुलिस एवं प्रशासन भी तैयारियों को लेकर सजग हो गए है। जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह यादव एवं वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने रविवार को हरि शेवा उदासीन आश्रम सनातन मंदिर पहुंच महोत्सव आयोजन से जुड़ी सुरक्षा तैयारियों एवं यातायात व्यवस्था सम्बन्धी जायजा लिया। उन्होंने वाहनों की पार्किंग व्यवस्था सुचारू रखने के सम्बन्ध में भी अधिकारियों को निर्देश दिए। एसपी यादव ने कहा कि कानून व्यवस्था के दृष्टिगत इस महोत्सव में सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था सम्बन्धी पुख्ता प्रबंध किए जाएंगे। उन्होंने हरि शेवा उदासीन आश्रम परिसर, अग्रवाल उत्सव भवन, कथा स्थल, यज्ञ शाला, हरि शेवा धर्मशाला, पार्किंग क्षेत्र आदि का जायजा लेकर जरूरी निर्देश प्रदान किए। महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम उदासीन एवं आयोजन समिति के प्रशासनिक व्यवस्था प्रभारी रविन्द्र जाजू ने पुलिस अधिकारियों को आयोजन से जुड़ी व्यवस्था एवं तैयारियों के बारे में जानकारी दी। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय पारस जैन, सीओ सिटी सज्जन सिंह, सीओ यातायात मनीष कुमार, भीमगंज थानाधिकारी सुनील चौधरी, यातायात थाना प्रभारी बाबुलाल टेपन सहित पुलिस के कई अधिकारी मौजूद थे। कार्यक्रम स्थल के निरीक्षण के दौरान संत मायाराम, संत गोविन्दराम, ब्रह्मचारी इन्द्रदेव, कुनाल, सिद्धार्थ, मिहिर, आयोजन समिति के चांदमल सोमानी, अशोक मूंदड़ा, हनुमान अग्रवाल, रमेश मूंदड़ा, छीतरमल गेंगट, कन्हैयालाल मोरयानी सहित सनातन सेवा समिति, हंसगंगा हरिशेवा भक्त मण्डल, सनातन मंगल महोत्सव समिति के पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे। गौरतलब है कि आठ दिवसीय सनातन मंगल महोत्सव का आगाज 19 फरवरी को सुबह 9 बजे श्रीमद् भागवत महापुराण कलश यात्रा से होगा। कलश यात्रा पोस्टऑफिस के सामने स्थित संकटमोचन हनुमान मंदिर से प्रारंभ होकर हरिशेवा उदासीन आश्रम सनातन मंदिर पहुचेंगी। महोत्सव के तहत 19 से 25 फरवरी तक श्रीधाम वृन्दावन के कथा व्यास डॉ. श्यामसुन्दर पाराशर के मुखारबिंद से श्रीमद भागवत कथा का वाचन होगा। महोत्सव के दौरान प्रतिदिन सुबह 8 बजे से वैदिक अग्नि अनुष्ठान पंचकुण्डीय श्री विष्णु महायज्ञ, श्री अष्टोतर शत (108) भागवत मूल पाठ एवं शतचण्डी पाठ होगा। महोत्सव के दौरान अनवरत अखण्ड श्रीमद् भगवतगीता पाठ, श्री रामचरितमानस पाठ, श्रीचंद सिद्धांत सागर पाठ, अखण्ड श्री रामनाम संकीर्तन होगा। काशी के यज्ञाचार्य कामेश्वरनाथ तिवारी के सानिध्य में यज्ञ सम्पादन एवं चारों वेद के मूल पाठ का पारायण होगा। दीक्षा दान समारोह की पूर्व संध्या पर 25 फरवरी को भव्य संत दर्शन एवं सनातन शोभायात्रा का आयोजन होगा। सनातन मंगल महोत्सव के अंतिम दिन 26 फरवरी को सुबह 9 बजे से हरिशेवाधाम परिसर में बने विशाल पांडाल में दीक्षा दान समारोह एवं संत समागम का आयोजन होगा। इसमें तीन दीक्षार्थी ब्रह्मचारी इन्द्रदेव, कुनाल एवं सिद्धार्थ को विधिपूर्वक दीक्षा प्रदान की जाएगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular