राज्य स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता 2025–26 का भव्य आगाज़, सैनिक स्कूल मैदान पर खेल भावना का उमड़ा ज्वार

चित्तौड़गढ़, 6 अप्रैल, 2026

स्मार्ट हलचल|ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन के निर्देशानुसार एवं राजस्थान फुटबॉल एसोसिएशन के मार्गदर्शन में जिला फुटबॉल संघ चित्तौड़गढ़ द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता 2025–26 का सोमवार सुबह सैनिक स्कूल मैदान,चित्तौड़गढ़ में अत्यंत भव्य और उत्साहपूर्ण वातावरण में शुभारंभ हुआ। चार दिवसीय इस खेल महाकुंभ के उद्घाटन अवसर पर मैदान खिलाड़ियों के जोश,दर्शकों की तालियों और खेल भावना से सराबोर नजर आया।

प्रतियोगिता उद्घाटन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि चित्तौड़गढ़ विधायक चंद्रभान सिंह आक्या रहे,जबकि अध्यक्षता जिला फुटबॉल संघ के अध्यक्ष पूरण आंजना ने की। विशिष्ट अतिथियों में राजस्थान फुटबॉल एसोसिएशन के सेक्रेटरी दिलीप सिंह शेखावत,भाजपा नगर अध्यक्ष गौरव त्यागी,महामंत्री हर्षवर्धन रुद,निंबाहेड़ा के पूर्व पालिकाध्यक्ष सुभाष चन्द्र शारदा चित्तौड़गढ़ जिला फुटबॉल संघ के कोषाध्यक्ष मनोज पारख,उपाध्यक्ष रामकिशन चौधरी,शैलेन्द्र झंवर,ओम शर्मा,नारायण सिंह बड़ौली,आरएफए उपाध्यक्ष शकील अहमद,ज्वाइंट सेक्रेटरी रफीक अहमद,सुनील राव,दिनेश सिंह,राजेन्द्र सिंह एवं जावर माइंस टीम के कोच तरुण रॉय भी विराजमान रहे।

आयोजन समिति के संयोजक धर्मेन्द्र सिंह तंवर,फैसल खान, शकील अहमद मंसूरी,शाहिद हुसैन,रफीक खान एवं उनकी टीम ने अतिथियों का मेवाड़ी परंपरा के अनुरूप पगड़ी एवं उपरणा ओढ़ाकर आत्मीय स्वागत-अभिनंदन किया। समारोह का सजीव और प्रभावी संचालन शाहिद हुसैन ने किया।

मुकाबलों में दिखा दमखम,टीमों ने दिखाई आक्रामक खेल शैली
प्रतियोगिता के उद्घाटन दिवस पर खेले गए मुकाबलों में खिलाड़ियों ने बेहतरीन तालमेल,आक्रामक रणनीति और शानदार फुटवर्क का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।

मैदान क्रमांक 1 पर खेले गए मुकाबले में जयपुर ने दमदार प्रदर्शन करते हुए डूंगरपुर को 2–0 से पराजित किया।मैदान क्रमांक 2 पर पाली की टीम ने संगठित खेल का परिचय देते हुए सिरोही को 2–0 से शिकस्त दी। दोनों मैचों में खिलाड़ियों ने तेज़ पासिंग,सटीक स्ट्राइक और मजबूत डिफेंस के साथ खेल की उच्च स्तरीय प्रतिस्पर्धा का परिचय दिया।

500 से अधिक खिलाड़ी ले रहे भाग, नेशनल टीम चयन का अवसर
आयोजन समिति के फैसल खान ने जानकारी देते हुए बताया कि इस चार दिवसीय प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों की टीमें भाग ले रही हैं, जिनमें 500 से अधिक खिलाड़ी अपने हुनर का प्रदर्शन कर रहे हैं।

इस प्रतियोगिता का विशेष महत्व इसलिए भी है क्योंकि यहीं से चयनित प्रतिभावान खिलाड़ी राजस्थान टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे,जो इसी माह छत्तीसगढ़ में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय फुटबॉल चैंपियनशिप में हिस्सा लेंगे।

रेफरी व खेल सहयोगियों की अहम भूमिका
प्रतियोगिता को सफल एवं निष्पक्ष बनाने में रेफरी पैनल की महत्वपूर्ण भूमिका रही,जिसमें कर्मवीर,यशवर्धन,भैरू,अरशद,हरीश भाटी,लोकेश,पवन,महिपाल सिंह,किशन,रिज़वान मंसूरी और अरशद खान अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

साथ ही शारीरिक शिक्षक एवं सहयोगी स्टाफ सुरेश चंद्र नायक,मोहम्मद शकील मंसूरी,जगदीश समदानी,सोहनलाल मेघवाल,राधेश्याम तेली,अख्तर खान,कमलेश कुमार,मोहित दीवान,कमलेंद्र सिंह,कमलेश जाट,गोविंद सिंह एवं आरिफ मंसूरी भी प्रतियोगिता को सफल बनाने में सक्रिय योगदान दे रहे हैं।

खेल भावना का संदेश
उद्घाटन अवसर पर वक्ताओं ने खेलों को युवा शक्ति के विकास का आधार बताते हुए कहा कि फुटबॉल केवल एक खेल नहीं, बल्कि अनुशासन, टीमवर्क और समर्पण की भावना का प्रतीक है। इस प्रकार के आयोजन न केवल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करते हैं, बल्कि जिले और प्रदेश का नाम भी रोशन करते हैं।

समापन में कहा जा सकता है कि चित्तौड़गढ़ की धरती पर सजा यह फुटबॉल महाकुंभ आने वाले दिनों में रोमांच, प्रतिस्पर्धा और खेल भावना के नए आयाम स्थापित करेगा।