चित्तौड़गढ़ में पहली बार राज्य स्तरीय पुरुष U–20 फुटबॉल चैंपियनशिप 6 अप्रैल से 9 अप्रैल तक होगी आयोजित

RFA ने चित्तौड़गढ़ को सौंपी मेजबानी,जिला टीम चयन को लेकर समिति गठित

चित्तौड़गढ़ 28 मार्च,2026

स्मार्ट हलचल|सम्पूर्ण प्रदेश में फुटबॉल को बढ़ावा देने की दिशा में अहम पहल करते हुए राजस्थान फुटबॉल एसोसिएशन (RFA) ने वर्ष 2025-26 की अंडर-20 पुरुष राज्य स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन पहली बार चित्तौड़गढ़ जिला फुटबॉल संघ को सौंपा है।

प्रतियोगिता का आयोजन 6 से 9 अप्रैल तक चित्तौड़गढ़ में किया जाएगा, जिसमें प्रदेशभर की राजस्थान फुटबॉल एसोसिएशन से संबद्धता प्राप्त जिला फुटबॉल संघों की टीमें भाग लेंगी। प्रतियोगिता चित्तौड़गढ़ के सैनिक स्कूल मैदान पर आयोजित होगी।

प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों के लिए आयु सीमा निर्धारित की गई है। 1 जनवरी 2007 से 31 दिसंबर 2009 के बीच जन्मे खिलाड़ी ही इस वर्ग में खेलने के पात्र होंगे। चित्तौड़गढ़ में पहली बार होने वाले इस आयोजन को लेकर पूरे जिले के खेल प्रेमियों में उत्साह देखा जा रहा है और इसे युवा खिलाड़ियों के लिए बड़ा मंच माना जा रहा है।

जिला टीम के चयन के लिए जिला फुटबॉल संघ चित्तौड़गढ़ के अध्यक्ष पूरण आंजना के निर्देशन में चयन समिति गठित की गई है। समिति में धर्मेंद्र सिंह तंवर को संयोजक बनाया गया है। इसके अलावा मोहम्मद शकील मंसूरी, जगदीश समदानी, शाहिद हुसैन मंसूरी, कमलेंद्र सिंह चुंडावत और मोहम्मद रफीक खान को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।

संघ के सचिव फैसल खान ने बताया कि टीमों का पंजीयन सीआरएस प्रणाली के माध्यम से किया जाएगा। इसके लिए अंतिम तिथि 5 अप्रैल निर्धारित की गई है, जबकि आवश्यक प्रक्रिया 3 अप्रैल तक पूर्ण करनी होगी। आयोजकों ने सभी जिलों से समय पर पंजीयन कराने की अपील की है ताकि प्रतियोगिता सुचारू रूप से संपन्न हो सके।

संघ पदाधिकारियों के अनुसार चयन प्रक्रिया में खिलाड़ियों की फिटनेस, तकनीकी कौशल और खेल भावना को प्राथमिकता दी जाएगी। प्रतियोगिता के माध्यम से जिले की प्रतिभाओं को राज्य स्तर पर अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिलेगा।