28 सितंबर से 4 अक्टूबर तक होगी 70वीं राज्यस्तरीय प्रतियोगिता, चार कोर्ट पर होंगे मुकाबले
अनिल कुमार खींची
ब्यावर।स्मार्ट हलचल|शिक्षा विभाग के तत्वावधान में 70वीं राज्यस्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता का शुभारंभ सोमवार को प्रातः 9:15 बजे श्री नृसिंह अग्रसेन जैन विद्यापीठ में होगा। 17 से 19 वर्ष आयु वर्ग के छात्र-छात्राओं की यह प्रतियोगिता 28 सितंबर से 4 अक्टूबर तक आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों की टीमें हिस्सा ले रही हैं।उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि लोकसभा अध्यक्ष के विशेषाधिकारी एवं राजस्थान कुश्ती संघ के अध्यक्ष राजीव दत्ता होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता क्षेत्रीय विधायक शंकर सिंह रावत करेंगे। मसूदा विधायक वीरेंद्र सिंह कानावत, नगर परिषद सभापति पुष्पा जयकिशन बल्दुआ, उपसभापति दीक्षांत हरचंदानी सहित अन्य अतिथि समारोह में मौजूद रहेंगे।
प्रतियोगिता संयोजक एवं प्रधानाचार्य डॉ. निवेदिता पाठक ने बताया कि सभी टीमों के खिलाड़ी ब्यावर पहुंच चुके हैं तथा खिलाड़ियों का वजन भी कराया जा चुका है। प्रतियोगिता के लिए चार कोर्ट तैयार किए गए हैं। छात्र वर्ग के मुकाबले श्री नृसिंह अग्रसेन जैन विद्यापीठ तथा छात्रा वर्ग के मुकाबले पीएम श्री छावनी विद्यालय में आयोजित होंगे।
प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों एवं टीम प्रभारियों के आवास, पेयजल, सुरक्षा सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। इसके लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक शंकर लाल शर्मा एवं जिला शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक अनिल कुमार शर्मा ने आयोजन से जुड़े सभी कार्मिकों से सहयोग की अपील की है। आयोजन समिति के सदस्यों ने व्यवस्थाओं का जायजा लेकर तैयारियों को अंतिम रूप दिया।