भीलवाड़ा की यश्विता मेवाड़ा ने राज्य स्तरीय अंडर-15 बैडमिंटन चैंपियनशिप में पदक किया पक्का

 

मिश्रित युगल वर्ग में शानदार प्रदर्शन कर सेमीफाइनल में बनाई जगह, बालिका युगल में भी क्वार्टर फाइनल तक पहुंचीं

भीलवाड़ा। स्मार्ट हलचल|जयपुर में राजस्थान बैडमिंटन एसोसिएशन के तत्वावधान में डीएमआर बैडमिंटन एकेडमी में आयोजित राजस्थान स्टेट सब जूनियर (अंडर-15) बैडमिंटन चैंपियनशिप-2026 में भीलवाड़ा की प्रतिभाशाली खिलाड़ी यश्विता मेवाड़ा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया है। यश्विता ने प्रतियोगिता के मिश्रित युगल वर्ग में सेमीफाइनल तक पहुंचकर अपना पदक पक्का कर लिया।

प्रतियोगिता के मिश्रित युगल वर्ग में यश्विता मेवाड़ा ने आनंद महेश्वरी के साथ जोड़ी बनाकर शानदार खेल दिखाया। प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबले में इस जोड़ी ने अजमेर के चेतन्य अस्थाना एवं विधि चितले की जोड़ी को सीधे सेटों में 15-6 और 15-11 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। इसके बाद क्वार्टर फाइनल में जयपुर के उत्कर्ष सिंह राठौड़ एवं आराध्या धींगड़ा की जोड़ी को 15-10 और 15-12 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। सेमीफाइनल मुकाबले में यश्विता और आनंद की जोड़ी को 15-10 और 15-12 से हार का सामना करना पड़ा। सेमीफाइनल तक पहुंचने के साथ ही उन्होंने प्रतियोगिता में पदक सुनिश्चित किया।

वहीं, बालिका युगल वर्ग में यश्विता मेवाड़ा ने खुशी शर्मा के साथ जोड़ी बनाकर शानदार प्रदर्शन किया। प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबले में इस जोड़ी ने आरवी सैनी एवं स्वरा टकसाली की जोड़ी को 15-7 और 15-4 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।

बालिका एकल वर्ग के प्री-क्वार्टर फाइनल में यश्विता का मुकाबला जोधपुर की साक्षी सिंह से हुआ। इस मुकाबले में उन्हें 10-15 और 9-15 से हार का सामना करना पड़ा।

यश्विता के इस शानदार प्रदर्शन पर जिला बैडमिंटन संघ के सचिव अभिषेक शर्मा एवं संघ के समस्त पदाधिकारियों ने बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। अभिषेक शर्मा ने कहा कि यश्विता ने अपनी मेहनत, लगन और खेल कौशल से जिले का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने विश्वास जताया कि यश्विता भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले और प्रदेश का नाम रोशन करेंगी।