काछोला में बनेगा डॉ. भीमराव अंबेडकर का भव्य स्टेच्यू, ‘जय भीम’ के नारों के बीच हुआ प्रतिमा स्थल का भूमि पूजन

स्मार्ट हलचल: सामाजिक हलचल / महापुरुष स्मरण

काछोला | स्मार्ट हलचल |भारत रत्न और संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर काछोला तहसील मुख्यालय पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस ऐतिहासिक मौके पर कस्बे में बाबा साहेब की प्रतिमा स्थापना के लिए अंबेडकर सर्किल पर वैदिक मंत्रोच्चारण और पूरे विधि-विधान के साथ प्रतिमा स्थल का भूमि पूजन किया गया।

वाहन रैली और विचार संगोष्ठी में उमड़ा जनसैलाब

जयंती महोत्सव के तहत क्षेत्र में एक विशाल वाहन रैली, विचार संगोष्ठी एवं विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों में क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान पूरा कस्बा ‘जय भीम’ और ‘बाबा साहेब अमर रहें’ के गगनभेदी नारों से गूंज उठा। अंबेडकर सर्किल पर बाबा साहेब के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।

संगोष्ठी में वक्ताओं ने अपने संबोधन में बाबा साहेब के जीवन, उनके कठिन संघर्षों और संविधान निर्माण में उनके अमूल्य योगदान को याद किया। सभी ने एक स्वर में उनके बताए समतामूलक और शिक्षित समाज के मार्ग पर चलने का आह्वान किया। कार्यक्रम का समापन सामाजिक एकता और समरसता के संदेश के साथ हुआ।

कार्यक्रम में इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति:

इस ऐतिहासिक अवसर पर काछोला ग्राम पंचायत प्रशासक रामपाल बलाई, राजेन्द्र सिंह सोलंकी, डॉ. एन.के. सोनी, मंच अध्यक्ष मनीष मेघवंशी, मंच संयोजक दुर्गा लाल बैरवा, उपाध्यक्ष प्रेमचंद रेगर, विजय कुमार सोनी, सत्यनारायण मेघवंशी, लोकेश कुमार खटीक, सचिव राजेन्द्र कुमार रेगर, गोपाललाल भील, उदय लाल बैरवा, असलम रंगरेज, राजमल रेगर, चांदमल रेगर, ओमप्रकाश खटीक, रमेश चंद्र बसेटिया, रामलाल मेघवंशी, आशाराम रेगर, सत्यनारायण बलाई, राकेश मेघवंशी, मांगी लाल और भाग चन्द्र सहित सैकड़ों कार्यकर्ता व ग्रामीण मौजूद रहे।