मांडलगढ़: हिम्मतपुरा में शंकर भगवान की मूर्ति स्थापना व चोदस बंधेज पूर्णाहुति संपन्न

महावीर सेन

मांडलगढ़ |स्मार्ट हलचल। क्षेत्र की मोहनपुरा पंचायत के हिम्मतपुरा गांव में शंकर भगवान की मूर्ति स्थापना एवं चोदस बंधेज की पूर्णाहुति का भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। अनुष्ठान के दौरान गूंजे वैदिक मंत्रों और भगवान के जयकारों से पूरा इलाका भक्ति रस में सराबोर नजर आया।

विधि-विधान से दी आहुतियां, स्थापित हुई भोलेनाथ की मूर्ति

यज्ञाचार्य मदन लाल शर्मा और गुरुदेव कालू नाथ के पावन सानिध्य में यह धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच यजमान जोड़ों ने हवन वेदी पर बैठकर विधि-विधान से आहुतियां अर्पित कीं। इसके पश्चात अत्यंत भक्तिमय माहौल में शंकर भगवान की मूर्ति की प्राण-प्रतिष्ठा की गई। भगवान भोलेनाथ के जयकारों से समूचा क्षेत्र गूंज उठा। उपस्थित सभी भक्तों ने क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की।

विधायक सहित कई गणमान्य लोगों ने की शिरकत

धार्मिक कार्यक्रम के समापन अवसर पर विशाल महाप्रसादी का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पंगत प्रसादी ग्रहण की और धर्म लाभ कमाया।

इस पावन मौके पर क्षेत्रीय विधायक गोपाल खंडेलवाल, मोहनपुरा सरपंच प्रशासक रामस्वरूप तेली, घीसूलाल मीणा, कल्याण मीणा, रंजीत मीणा, कैलाश तेली और मनोज सनाढ्य सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण व भक्तगण उपस्थित रहे।