बिजली विभाग के स्टोर से तांबा चुराने वाला चालक व कबाड़ी गिरफ्तार, 100% माल बरामद

अनिल कुमार

ब्यावर।स्मार्ट हलचल|जोधपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (JdVVNL) के बर स्थित सरकारी स्टोर से कॉपर वाइंडिंग चोरी करने वाले मुख्य आरोपी वाहन चालक और चोरी का माल खरीदने वाले सह-आरोपी को बर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से शत-प्रतिशत चोरी गया माल (तांबा) बरामद करने में सफलता हासिल की है।अजमेर रेंज महानिरीक्षक डॉ. रवि सभरवाल और ब्यावर जिला पुलिस अधीक्षक रतनसिंह के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अनुकृति उज्जैनिया तथा वृताधिकारी (रायपुर) बंशीलाल पाण्डर के सुपरविजन में बर थाना पुलिस ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।

क्या था पूरा मामला?
सहायक अभियंता (जो.वि.वि.नि. बर) राजेन्द्र कुमावत ने 7 अगस्त को बर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 5 अगस्त की रात जोधपुर विद्युत वितरण निगम के स्टोर से 1-फेस 16 KVA ट्रांसफार्मर की कॉपर वाइंडिंग चोरी हो गई है। पीड़ित ने स्टोर के सामान परिवहन में लगे वाहन के चालक जितेन्द्रसिंह पर चोरी का संदेह जताया था। रिपोर्ट पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 303(2) और विद्युत अधिनियम की धारा 136 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस टीम ने ऐसे कसा शिकंजा
थानाधिकारी पन्नालाल (उप निरीक्षक) के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने तकनीकी डेटा और गुप्त सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी जितेन्द्रसिंह को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ में उसने तांबा चोरी करने और उसे पेमाराम को बेचने की बात कबूल की। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सह-आरोपी पेमाराम को भी धर दबोचा और पूरा चोरी गया माल बरामद कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी
जितेन्द्रसिंह (30) पुत्र महेन्द्रसिंह राजपूत, निवासी धनारी खुर्द, थाना खेड़ापा, जिला जोधपुर (मुख्य आरोपी/चालक)।

पेमाराम (38) पुत्र सतुराम खटिक, निवासी निमाज रोड, जैतारण, जिला ब्यावर (सह-आरोपी/खरीदार)।

पुलिस टीम: इस कार्रवाई में थानाधिकारी पन्नालाल, सउनि नन्दकिशोर सिंह, कांस्टेबल सुनील (608), रामकेश (605), महिपाल (543), हरिराम (632) और गिरधारी (601) की विशेष भूमिका रही।