बानसूर।स्मार्ट हलचल।क्षेत्र के हाजीपुर गांव में शुक्रवार शाम एक किराना दुकान से 1 लाख 87 हजार 700 रुपए की चोरी का मामला सामने आया है। चोरों ने साबुन खरीदने के बहाने दुकानदार को बातचीत में उलझाकर गल्ले से नकदी पार कर दी। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। किराना व्यापारी पिंटू अग्रवाल ने बताया कि हाल ही में सरसों बेचने के बाद प्राप्त राशि गल्ले में रखी हुई थी। शुक्रवार शाम करीब 6:45 बजे दो युवक दुकान पर साबुन खरीदने पहुंचे। एक युवक ने सामान दिखाने के बहाने उन्हें व्यस्त रखा, जबकि दूसरे ने मौका पाकर गल्ले से नकदी निकाल ली। फुटेज में दोनों संदिग्ध चोरी करते दिखाई दिए हैं। व्यापारी ने बानसूर थाने में मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है तथा सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
