रायपुर में आवारा सांड से ग्रामीण परेशान, पंचायत प्रशासन से कार्रवाई की मांग

किशन खटीक
स्मार्ट हलचल|रायपुर |रायपुर ग्राम के वर्तमान वार्ड 14 एवं 17 क्षेत्र में घूम रहे आवारा सांड से ग्रामीणों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि सांड आए दिन गलियों, बाजार एवं सार्वजनिक स्थानों पर घूमता रहता है, जिससे लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। कई बार यह सांड राहगीरों एवं दोपहिया वाहन चालकों पर हमला करने का प्रयास भी कर चुका है, जिससे कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीणों ने पंचायत प्रशासन से मांग की है कि आवारा सांड को तत्काल गांव से बाहर निकाला जाए अथवा उसे नंदीशाला में छोड़ा जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद प्रशासन द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही है और ऐसा प्रतीत होता है कि संबंधित अधिकारी किसी अप्रिय घटना का इंतजार कर रहे हैं। यदि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की गई तो किसी भी दिन जनहानि या गंभीर दुर्घटना होने की आशंका बनी हुई है ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो वे पंचायत एवं प्रशासन के खिलाफ आंदोलन करने को मजबूर होंगे।